राजस्थान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेकर बड़ा बयान दिया है। डोटासरा ने कहा कि पंचायत चुनाव के बाद भजनलाल शर्मा भी APO हो जाएंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन अफसरों को फिलहाल APO किया गया है, उन्हें कुछ समय बाद पोस्टिंग मिल जाएगी, लेकिन भजनलाल शर्मा को कहीं पोस्टिंग भी नहीं मिलेगी।
अफसरों के तबादलों को लेकर सवाल
डोटासरा का यह बयान राज्य सरकार की ओर से हाल में किए गए प्रशासनिक फेरबदल को लेकर आया है। दो दिन पहले सरकार ने 14 IPS और 15 RAS अधिकारियों के तबादले किए थे। इनमें 10 RAS अधिकारियों को APO किया गया। इसके अलावा कई जिलों में थाना प्रभारियों, डिप्टी और कुछ SP स्तर के अधिकारियों के भी तबादले किए गए। इन तबादलों को लेकर कांग्रेस की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं। डोटासरा ने इसी मुद्दे पर सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेकर यह टिप्पणी की।
गहलोत भी तबादलों को लेकर सरकार पर घेर चुके हैं
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी हाल में अधिकारियों के तबादलों को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठा चुके हैं। जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में गहलोत ने निकाय चुनाव के दौरान पुलिस और प्रशासन के इस्तेमाल का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि हाल में जारी हुई ट्रांसफर लिस्ट को देखकर स्थिति समझी जा सकती है।
कांग्रेस ने DGP को सौंपा ज्ञापन
सोमवार को गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली पुलिस मुख्यालय पहुंचे। दोनों नेताओं ने DGP राजीव शर्मा को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने निकाय चुनाव के दौरान पुलिस तंत्र के कथित दुरुपयोग का मुद्दा उठाया। डोटासरा और जूली ने आरोप लगाया कि कई निकायों में पार्षदों को अपने पक्ष में करने की कोशिश की गई और इससे लोगों के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हुए। कांग्रेस ने पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की है।