लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने बुधवार को शिमला में जोरदार प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकभवन के बाहर धरना दिया। प्रदर्शन में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, कई कैबिनेट मंत्री, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी की हिरासत को लोकतंत्र और संवैधानिक अधिकारों से जोड़ते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
‘यह कैसी लोकतांत्रिक व्यवस्था?’
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा और अन्य सांसदों को हिरासत में लिए जाने पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को हिरासत में लेना लोकतंत्र की हत्या के समान है।
सुक्खू ने कहा कि यह केवल जनप्रतिनिधियों की गिरफ्तारी का मामला नहीं है, बल्कि संविधान, असहमति और जनता की आवाज पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए, उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है, जबकि जनता की आवाज बनकर खड़े होने वालों को हिरासत में लिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि आखिर यह कैसी लोकतांत्रिक व्यवस्था है, जहां विपक्ष के नेताओं को अपनी बात रखने से रोका जा रहा है।
‘आवाज दबाने से सवाल खत्म नहीं होंगे’
सुक्खू ने कहा कि सरकार चाहे जितनी कोशिश कर ले, आवाज दबाने से सवाल खत्म नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाबदेही तय होकर रहेगी। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ काम किया है और ऐसी सरकार ने नैतिक रूप से सत्ता में बने रहने का अधिकार खो दिया है।
‘वोट चोरी कर सत्ता हासिल की जा रही’
मुख्यमंत्री सुक्खू ने आरोप लगाया कि वोट चोरी करके सत्ता हासिल की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री के बेटे और पूर्व प्रधानमंत्री के पोते राहुल गांधी को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों और जनता की आवाज के लिए संघर्ष जारी रखेगी। इसी कड़ी में बुधवार को शिमला स्थित लोकभवन के बाहर प्रदर्शन किया गया।
वीरवार को पूरे हिमाचल में प्रदर्शन का ऐलान

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस का आंदोलन केवल शिमला तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने घोषणा की कि वीरवार को पूरे हिमाचल प्रदेश में प्रदर्शन किए जाएंगे।
धरने में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने पार्टी के विरोध प्रदर्शन को व्यापक रूप दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति और सवाल पूछने का अधिकार महत्वपूर्ण है और इसे दबाने की किसी भी कोशिश का विरोध किया जाएगा।