नो बैग डे में छात्रों की क्रिएटिविटी

सीहोर VIT में ‘नो बैग डे’ का अनोखा अंदाज, कुकर-बाल्टी लेकर कॉलेज पहुंचे छात्र, बैग छोड़ छात्रों ने अपनाया देसी जुगाड़

मध्यप्रदेश के VIT भोपाल कैंपस में नो बैग डे के दौरान छात्रों ने प्रेशर कुकर, बाल्टी और अन्य अनोखे तरीकों से अपनी क्रिएटिविटी दिखाई।

सीहोर VIT में ‘नो बैग डे’ का अनोखा अंदाज, कुकर-बाल्टी लेकर कॉलेज पहुंचे छात्र, बैग छोड़ छात्रों ने अपनाया देसी जुगाड़

मध्यप्रदेश के सीहोर स्थित VIT भोपाल कैंपस में ‘नो बैग डे’ के दौरान छात्रों का अनोखा अंदाज देखने को मिला। आम दिनों में किताबें और नोट्स बैग में लेकर कॉलेज पहुंचने वाले छात्र इस दिन बैग को घर पर ही छोड़ आए। इसकी जगह छात्रों ने ऐसी-ऐसी चीजों का इस्तेमाल किया, जिसे देखकर साथी छात्र भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

कुकर और बाल्टी बनी स्टूडेंट्स की नई बैग

‘Anything But a Bag’ ट्रेंड के तहत छात्रों ने अपनी क्रिएटिविटी का जमकर प्रदर्शन किया। कोई छात्र प्रेशर कुकर में नोट्स और जरूरी सामान लेकर पहुंचा, तो किसी ने बाल्टी को ही किताबों का बैग बना लिया। कुछ छात्रों ने बेल्ट और दूसरी घरेलू चीजों का इस्तेमाल किया। कैंपस में आइसक्रीम के ठेले को सामान ले जाने के लिए इस्तेमाल करने की चर्चा भी खूब रही।

क्लासरूम में दिखी गजब की मस्ती

नो बैग डे के दौरान क्लासरूम से लेकर कैंपस के कॉरिडोर तक छात्रों का अलग ही अंदाज नजर आया। छात्र अपने अनोखे कैरियर को लेकर कॉलेज पहुंचे और दोस्तों के साथ तस्वीरें और वीडियो भी बनाए। सामान्य पढ़ाई के माहौल के बीच यह दिन छात्रों के लिए मस्ती और मनोरंजन से भरपूर रहा।

पढ़ाई के तनाव से मिला एक दिन का ब्रेक

यूनिवर्सिटी के पीआरओ पुष्पकांत जैन ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य छात्रों को एक दिन के लिए पढ़ाई के तनाव से राहत देना था। उन्होंने कहा कि छात्रों ने नो बैग डे का भरपूर आनंद लिया। इस दौरान छात्रों को अपनी रचनात्मकता और सूझबूझ दिखाने का भी मौका मिला।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जुगाड़

कैंपस के इस अनोखे नजारे के वीडियो और रील्स सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आ गए। छात्रों के कुकर, बाल्टी और दूसरे अनोखे कैरियर देखकर यूजर्स ने देसी जुगाड़ की जमकर तारीफ की। अगले दिन कॉलेज फिर सामान्य अंदाज में लौट आया, लेकिन नो बैग डे छात्रों के लिए यादगार बन गया।

Advertisement

सेवा के 25 वर्ष 14 सितम्बर से  13 ऑक्टोबर