केदारनाथ पैदल मार्ग पर लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन की चपेट में है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए केदारनाथ यात्रा को रोक दिया गया है, है और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखा जा रहा है।
कई स्थानों पर भारी भूस्खलन
आज सुबह गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर कई स्थानों पर भारी भूस्खलन हुआ। पहाड़ियों से लगातार मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर गिरने से पैदल मार्ग गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। हालातों को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन प्रातः 6 बजे से यात्रियों को गौरीकुंड और सोनप्रयाग में रोक दिया। किसी भी यात्री को आगे जाने की इजाजत नहीं दी गई। बारिश के कारण सोनप्रयाग-गौरीकुंड मोटर मार्ग भी बंद रहा, जिससे शटल सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

मलबा हटाने का कार्य जारी
प्रशासन, पुलिस, DDRF और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर लगातार निगरानी कर रही हैं। क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग को सुरक्षित करने और मलबा हटाने का कार्य जारी है। अधिकारियों ने बताया कि मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करें। मौसम विभाग ने आगामी समय में भी भारी बारिश की संभावना जताई। ऐसे में प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और श्रद्धालुओं से अपील कर रहा है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचना के आधार पर ही यात्रा की योजना बनाएं।