Aston Villa Europa League Champions: जर्मनी के क्लब एससी फ्रीबर्ग को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हराकर इंग्लैंड के फुटबॉल क्लब एस्टन विला ने यूरोपा लीग का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस्तांबुल में खेले गए इस धमाकेदार फाइनल में जीत के साथ ही विला के फैंस का 30 साल का लंबा इंतजार खत्म हो गया।
Aston Villa, conquistó su cuarto título de competencias europeas:
— Santiago Puente (@santipuente) May 21, 2026
1 Champions League (1982)
1 UEFA Supercup (1982)
1 Intertoto (2001)
1 Europa League (2026) pic.twitter.com/cQPGyLF4jR https://t.co/QhM9kaKJyA
यह एस्टन विला की 1996 के बाद पहली बड़ी घरेलू और 1982 के बाद पहली बड़ी यूरोपीय ट्रॉफी है। टीम की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे उनके रणनीतिकार और मैनेजर उनाई एमेरी का हाथ रहा, जिन्होंने रिकॉर्ड पांचवीं बार यूरोपा लीग का खिताब जीतकर अपना दबदबा साबित किया।
पहले हाफ में ही विला ने बनाई 2-0 की बढ़त
मैच की शुरुआत से ही एस्टन विला ने आक्रामक रुख अपनाया। शुरुआती मिनटों में मॉर्गन रोजर्स के एक शानदार शॉट को फ्रीबर्ग के गोलकीपर नूह अतुबोलू ने जैसे-तैसे रोका, लेकिन विला का आक्रमण यहीं नहीं थमा।
पहला गोल (यूरी टाईलेमैंस)
जब पहला हाफ गोलरहित बराबरी की ओर बढ़ रहा था, तभी कॉर्नर पर मॉर्गन रोजर्स ने पेनल्टी एरिया में एक सटीक क्रॉस दिया। इस मौके को भुनाते हुए यूरी टाईलेमैंस ने गेंद को गोल पोस्ट में डाल दिया। दिसंबर के बाद यह टाईलेमैंस का पहला और पूरे सीजन का दूसरा गोल था।
दूसरा गोल (एमिलियानो बुएंडिया)
फ्रीबर्ग अभी पहले झटके से उबर भी नहीं पाया था कि कुछ ही मिनटों बाद एमिलियानो बुएंडिया ने डी-एरिया के बाहर से एक सनसनीखेज शॉट खेला। गेंद सीधे गोल पोस्ट के कोने में जा धंसी और हाफ-टाइम तक एस्टन विला 2-0 से आगे हो गया।
फ्रीबर्ग की वापसी के सारे रास्ते बंद
हाफ-टाइम के बाद भी एस्टन विला ने फ्रीबर्ग को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। मैच के 58वें मिनट में मॉर्गन रोजर्स ने टीम के लिए तीसरा और आखिरी गोल दागा। रोजर्स ने एमिलियानो बुएंडिया के एक बेहतरीन क्रॉस पर स्लाइड करते हुए गेंद को नेट के पार पहुंचा दिया। इस गोल के साथ स्कोर 3-0 हो गया और फ्रीबर्ग मैच से पूरी तरह बाहर हो गई।
1982 वाली जर्सी पहनकर उतरी टीम
बर्मिंघम के इस क्लब के लिए यह रात बेहद भावुक और यादों से भरी थी। क्लब ने इस फाइनल के लिए वही सफेद जर्सी चुनी थी, जो उन्होंने 1982 के रॉटरडैम फाइनल में बायर्न म्यूनिख को हराते वक्त पहनी थी। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए 1982 की विजेता टीम के हीरो पीटर विथ और डेनिस मॉर्टिमर भी स्टैंड्स में मौजूद थे।
प्रिंस विलियम और टॉम हैंक्स ने मनाया जश्न
एस्टन विला की इस खिताबी जीत का जश्न सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहा। ब्रिटिश शाही परिवार के प्रिंस विलियम ने टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर जमकर खुशी जताई।
हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और विला के बड़े फैन टॉम हैंक्स ने मैच से पहले टीम के लिए एक खास सपोर्ट मैसेज भेजा था और जीत के बाद वे भी जश्न में डूब गए।