Lucknow Book Release CM Yogi: उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ लखनऊ के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने UP की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के जीवन पर आधारित पुस्तक 'चुनौतियां मुझे पसंद हैं' के विमोचन कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम जानकीपुरम स्थित AKTU में आयोजित हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, स्वामी चिदानंद सरस्वती और पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र समेत कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे।
महाकुंभ के बाद पहला सार्वजनिक कार्यक्रम
इससे पहले CM योगी आदित्यनाथ ने बक्शी का तालाब स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर उपराष्ट्रपति धनखड़ का स्वागत किया। उनके साथ राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी मौजूद रहीं। इसके बाद कार्यक्रम में पहुंचकर उपराष्ट्रपति ने पुस्तक का विमोचन किया।
इस मौके पर CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में महाकुंभ के बाद यह पहला सार्वजनिक कार्यक्रम है। 'चुनौतियां मुझे पसंद हैं' पुस्तक राज्यपाल के जीवन पर आधारित है। जीवन के हर पहलू को 14 अध्याय में संजोया गया है। जैसे समुद्र मंथन से 14 रत्न निकले थे, ठीक वैसा ही है।
Lucknow Book Release CM Yogi: शून्य से शिखर तक की यात्रा तय की
CM ने कहा - किसान परिवार में जन्म लेकर शून्य से शिखर तक की यात्रा तय करना, किसी वैष्णव, किसान परिवार में 7 दशक पहले कोई बेटी पढ़े, यह उस समय कल्पना थी। माता-पिता के संस्कार, संघर्ष से आनंदी बेन आगे बढ़ीं। एक शिक्षक, प्रधानाचार्य, मंत्री, CM अब राज्यपाल के रूप में उनके कार्यकाल एवं कार्यक्रमों को जानने का अवसर हम सभी को मिलता है।
महाकुंभ में उप राष्ट्रपति की उपस्थिति रही प्रेरणादायी
CM ने आगे कहा - अक्सर हम शिखर को देखते हैं, लेकिन उसकी नींव बनाने की मेहनत को नहीं देखते हैं। यह किताब नई प्रेरणा देगी। महाकुंभ में उप राष्ट्रपति की मौजूदगी प्रेरणादायी रही।