असम के अगले मुख्यमंत्री एक बार फिर हिमंता बिस्वा सरमा होंगे। BJP की विधायक दल की बैठक में उनके ही नाम पर मुहर लगी। जेपी नड्डा ने उनके नाम का ऐलान किया। हिमंता बिस्वा 12 मई को सुबह 11 बजे लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 4 मई को आए नतीजों में BJP ने राज्य की 126 में से 82 सीटों पर बंपर जीत हासिल की थी।
असम में फिर बिस्वा
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, BJP के शीर्ष नेतृत्व और NDA के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होंगे। हिमंता बिस्वा की ताजपोशी उत्तर-पूर्व में पार्टी की पैठ को और मजबूत करने के रूप में देखी जा रही है। असम BJP के अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा- हम दोपहर तक सरकार बनाने के अपने दावे के बारे में राज्यपाल को सूचित कर देंगे। 12 तारीख को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां की जा रही हैं। यह एक ऐतिहासिक पल होगा, क्योंकि PM मोदी की उपस्थिति में हिमंता 102 विधायकों के साथ शपथ लेंगे।

12 मई को शपथ
BJP ने विधायक दल का नेता चुनने के लिए पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पर्यवेक्षक बनाया था। इसके लिए असम BJP विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें औपचारिक रूप से नेता का चुनाव किया गया। सरमा ने 6 मई को CM पद से इस्तीफा दे दिया था। फिलहाल वह कार्यवाहक CM के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे।