NEET पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर देश के अलग-अलग राज्यों में विरोध प्रदर्शन हो रहा है। दिल्ली के जंतर-मंतर से निकली आग अब देश के कई शहरों में पहुंच चुकी है। बिहार के कटिहार में DM ऑफिस के बाहर छात्रों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ।
इस दौरान छात्र अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो पुलिस पर ईंट-पत्थर चलाए गए। वहीं हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस की कांग्रेसियों से धक्का मुक्की हो गई। छत्तीसगढ़, झारखंड और राजस्थान में भी प्रदर्शन हुए।
पत्थरबाजी औऱ लाठीचार्ज
बिहार के पटना में हुए प्रदर्शन के बाद बेगूसराय में प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया है। छात्र गेट पर चढ़ गए हैं। पुलिस सभी से पीछे हटने की लगाता अपील करती रही। पटना कॉलेज के पास छात्र फिर सड़कों पर उतर गए। अशोक राजपथ पर जाम लगा दिया। थोड़ी देर बाद पुलिस ने छात्रों को डिटेन कर लिया। उन्हें बस में भरकर ले जाया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने लगातार धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफे की मांग की।
पुलिस वैन के सामने खड़ी हुई लड़की
मुंबई में भी बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतरे हैं। मुंबई पुलिस ने ऐसे विरोध-प्रदर्शनों पर रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं। इसके बावजूद शहर के अलग-अलग हिस्सों में सैकड़ों छात्र सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर करते हुए विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को मुंबई में छात्रों ने एक बार फिर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ा प्रदर्शन किया। पुलिस ने बिना इजाजत प्रदर्शन करने पर छात्रों को हिरासत में लिया और गाड़ी में बिठाया। लेकिन एक लड़की मजबूती से गाड़ी के सामने खड़ी हो गई, जिससे पुलिस को गाड़ी रोकनी पड़ी।

राजस्थान में प्रदर्शन
राजस्थान के बांसवाड़ा में नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के कार्यकर्ताओं ने बांसवाड़ा में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी पहले कुशलबाग में इकक्ठा हुए और वहां से रैली निकालकर दोपहर करीब 12:45 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट में प्रवेश को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर झड़प हुई और हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।