देश के कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में बारिश और तेज आंधी का दौर जारी है। वहीं, मध्य प्रदेश और गुजरात में आखिरकार 9 दिन की देरी के बाद मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में मानसून देश के शेष राज्यों तक भी पहुंच सकता है।
राजस्थान में जलभराव, सड़कें बनीं तालाब
राजस्थान के सीकर और चूरू समेत कई जिलों में तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया। कई जगह बाइक और कारें पानी में फंस गईं। जयपुर, भरतपुर, नागौर और श्रीगंगानगर में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
यूपी में आंधी से पोल गिरा, कारें क्षतिग्रस्त
उत्तर प्रदेश के आगरा में तेज आंधी के चलते सड़क किनारे खड़ी कारों पर बिजली का पोल गिर गया। हादसे में दो कारों को नुकसान पहुंचा। प्रयागराज समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि मौसम विभाग ने 26 जिलों में बारिश और 8 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-NCR में बारिश से मौसम सुहाना
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार शाम तेज आंधी के बाद बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। कई इलाकों में जलभराव की भी खबरें सामने आईं।
मुंबई में जलभराव, दीवार गिरने से नुकसान
मुंबई में लगातार बारिश के चलते अंधेरी सब-वे में पानी भर गया, जिसके कारण इसे अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। विक्रोली वेस्ट में एक रिहायशी इमारत के पास बनी दीवार गिर गई। शहर के कई हिस्सों में पेड़ उखड़ने से वाहनों को नुकसान पहुंचा।
अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ का संकट
अरुणाचल प्रदेश में एक सप्ताह से जारी भारी बारिश के बीच कीयी पन्योर जिले की नीपको परियोजना कॉलोनी में बाढ़ आ गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, चार लोग लापता हैं और 18 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। कई क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बंद होने की भी खबरें हैं।
मध्य प्रदेश और गुजरात में मानसून की एंट्री
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को मानसून ने मध्य प्रदेश और गुजरात में प्रवेश कर लिया। इसके साथ ही मानसून अब देश के 22 राज्यों तक पहुंच चुका है। अनुमान है कि 5 जुलाई तक मानसून पूरे देश को कवर कर लेगा।मध्य प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से के 15 जिलों में मानसून सक्रिय हो चुका है और अगले 2-3 दिनों में पूरे प्रदेश को कवर कर सकता है। गुरुवार को राज्य के 46 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
जुलाई-अगस्त में भी उमस का असर रह सकता है
विश्व मौसम विज्ञान संगठन के सदस्य डॉ. पंकज कुमार के अनुसार, प्रशांत महासागर में विकसित हो रही सुपर अल नीनो जैसी परिस्थितियां मानसून के पैटर्न को प्रभावित कर सकती हैं। इसके कारण कुछ क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश और कुछ इलाकों में लंबे ब्रेक की स्थिति बन सकती है।विशेषज्ञों का मानना है कि जुलाई और अगस्त जैसे मानसून के चरम महीनों में भी कई क्षेत्रों में उमस और गर्मी का असर बना रह सकता है।
5 राज्यों में 40 डिग्री से ऊपर तापमान
बारिश के बावजूद कई राज्यों में गर्मी का असर जारी है।
-
उत्तर प्रदेश के बांदा में अधिकतम तापमान 44.2°C दर्ज किया गया।
-
प्रयागराज में 43.4°C तापमान रिकॉर्ड हुआ।
-
राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 42.5°C तक पहुंचा।
-
मध्य प्रदेश के खजुराहो में 41.2°C तापमान दर्ज किया गया।
-
बिहार की राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 40.6°C रहा।
गर्मी को देखते हुए बिहार के मुजफ्फरपुर में कक्षा 8 तक के स्कूल 27 जून तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है।