देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और कई राज्यों में भारी बारिश जनजीवन पर भारी पड़ रही है। महाराष्ट्र, गुजरात, केरल, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में लगातार बारिश से बाढ़ और जलभराव की स्थिति बन गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 13 राज्यों में बारिश और तेज आंधी की चेतावनी दी गई है।
महाराष्ट्र में बारिश का कहर, वसई में 20 कारें पानी में डूबीं
महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई-विरार क्षेत्र के नालासोपारा में भारी बारिश के बाद सड़कें नदी जैसी नजर आईं। जलभराव इतना अधिक था कि करीब 20 कारें पानी में डूब गईं। मुंबई में भी लगातार बारिश के चलते हालात प्रभावित रहे। शहर में 64 पेड़ गिरने और 8 मकानों की दीवारें ढहने की घटनाएं सामने आई हैं। घाटकोपर में पेड़ गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कुर्ला टर्मिनस के आसपास सड़कों पर पानी भर गया। पालघर जिले में बाढ़ के पानी में बहने से छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। प्रशासन ने 180 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
गुजरात के जूनागढ़ में कॉलोनियों तक पहुंचा बाढ़ का पानी
गुजरात के जूनागढ़ में मूसलाधार बारिश के बाद कई रिहायशी इलाकों में चार-चार फीट तक पानी भर गया। कई स्थानों पर लोगों को नाव के सहारे सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। नवसारी जिले में अंबिका नदी पर बने पुल के बीच गहरा गड्ढा बनने से 11 गांवों का संपर्क टूट गया। अहमदाबाद के कई इलाकों में भी सड़कें जलमग्न हो गईं।
मध्य प्रदेश में नदियां उफान पर, बिजली गिरने से मौत
मध्य प्रदेश में जुलाई की शुरुआत से ही मानसून सक्रिय है। इंदौर समेत 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हरदा जिले में कालीमाचक नदी का पानी पुल के ऊपर से बहता दिखाई दिया। श्योपुर में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी घायल हो गई। सीहोर जिले के बापचा दोनिया गांव में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई।
छत्तीसगढ़ में रायपुर के कई इलाके जलमग्न
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आधे घंटे में लगभग 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। टाटीबंध सहित कई इलाकों में घरों और सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से एक जेसीबी और उसके दो कर्मचारी नदी के बीच फंस गए, जिन्हें बाद में सुरक्षित निकाल लिया गया। उत्तरकाशी में भूस्खलन के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ समय के लिए बंद रहा। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन से सड़क पर मलबा आ गया, जिससे यातायात बाधित हुआ।
बिहार, राजस्थान और उत्तर भारत में भी अलर्ट
बिहार के 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि राज्य में अब तक सामान्य से लगभग 52 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। राजस्थान में जैसलमेर, सवाई माधोपुर और झालावाड़ सहित कई जिलों में बारिश हुई। जैसलमेर में तेज हवाओं के कारण होटल की छत से सोलर पैनल उड़कर सड़क पर गिर गया, जिसमें तीन लोग घायल हुए। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित कई राज्यों में अगले दो दिनों तक तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
अगले दो दिनों का मौसम
6 जुलाई
-
उत्तर प्रदेश के 28 जिलों में बारिश का अलर्ट।
-
पश्चिम बंगाल के 2 जिलों में रेड और 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट।
-
ओडिशा के 5 जिलों में रेड तथा 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट।
7 जुलाई
-
आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में भारी बारिश की संभावना।
-
असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज वर्षा का अनुमान।
-
गोवा, तेलंगाना, कर्नाटक और सिक्किम के कुछ क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी।