यूट्यूबर और स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ एक बार फिर विवादों में है। शो के हालिया एपिसोड में कथित तौर पर आपत्तिजनक और यौन संकेतों वाली टिप्पणी को लेकर पैनलिस्ट मुकेश छाबड़ा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में मामले की जांच की मांग की गई है। साथ ही नेटफ्लिक्स इंडिया की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।
मुकेश छाबड़ा पर शिकायत
शिकायत अनुराग श्रीवास्तव ने दर्ज कराई है। उनके मुताबिक, उन्होंने 22 सितंबर 2026 की शाम मुंबई के एक होटल के कमरे में लैपटॉप पर नेटफ्लिक्स देखते हुए शो का लेटेस्ट एपिसोड देखा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि एपिसोड में मुकेश छाबड़ा ने आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
टिप्पणी की जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने कथित टिप्पणी को बेहद अनुचित और यौन संकेतों वाली बताया है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा है कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरे मामले की सच्चाई सामने आना जरूरी है।
कई पहलुओं की पुष्टि बाकी
शिकायत में कहा गया है कि बयान की वास्तविकता, आवाज और व्यक्ति की पहचान, बातचीत का पूरा संदर्भ और सही टाइमस्टैम्प जैसे कई पहलुओं की अभी पुष्टि होना बाकी है। ऐसे में लगाए गए आरोप फिलहाल साबित नहीं हुए हैं।
नेटफ्लिक्स की भूमिका पर सवाल
शिकायत में नेटफ्लिक्स इंडिया की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने पूछा है कि प्लेटफॉर्म पर कंटेंट स्ट्रीम करने से पहले उसकी समीक्षा और मंजूरी किस प्रक्रिया के तहत हुई। उन्होंने नेटफ्लिक्स इंडिया की कंटेंट प्रमुख मोनिका शेरगिल की भूमिका की भी जांच की मांग की है।
शो में ये पैनलिस्ट हुए शामिल
‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के इस एपिसोड में एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी, भुवन बाम, मुकेश छाबड़ा और स्टैंडअप कॉमेडियन कौस्तुभ अग्रवाल बतौर पैनलिस्ट शामिल हुए थे। शिकायतकर्ता ने कहा है कि अगर कथित टिप्पणी सही साबित होती है, तो इससे दर्शकों की गरिमा और बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़े सवाल उठ सकते हैं।