मिर्जापुर द मूवी' का हरियाणवी गाना 'बंदे एक नंबर धंधे दो नंबरी' रिलीज हो गया हैं एमेजॉन MGM स्टूडियोज और Excel Entertainment ने 'मिर्जापुर: द मूवी' के पहले गाने 'दो नंबरी' का पोस्टर जारी किया था और अब गाना भी रिलीज हो गया है। इस गाने को हरियाणवी रैपर ढांडा न्योलीवाला ने गाया है, इसे कंपोज किया है और इसके बोल भी उन्होंने ही लिखे हैं। इसके साथ ही वे बॉलीवुड में डेब्यू कर रहे हैं और यह गाना रिलीज के बाद से ही धूम मचा रहा है। इस गाने में हरियाणवी बीट्स के साथ मिर्जापुर की दुनिया वाला अंदाज भी देखने को मिलेगा।
यह पोस्टर 'एक्सेल एंटरटेनमेंट' के नए म्यूजिक लेबल 'एक्सेल म्यूजिक' के लॉन्च का भी हिंट दे रहा था। यह गाना फिल्म के ऑफिशियल ट्रेलर से पहले रिलीज किया जा रहा है, जो 11 अगस्त को लॉन्च होगा। इससे पहले फिल्म का टीजर आया था जिसे दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था।
मिर्जापुर: द मूवी' का गाना 'दो नंबरी'
गाने 'दो नंबरी' को देखने के बाद फैंस की तो खुशी का ठिकाना नहीं है। एक घंटे में ही गाने पर 50 हजार व्यूज आ चुके हैं और कुछ 800 कमेंट्स भी हैं। इसमें रैपर ढांडा न्योलीवाला की झलक तो है ही, साथ ही फिल्म की कास्ट भी नजर आ रही है। गाने के कमेंट सेक्शन में लिखा है- ढांडा ने बॉलीवुड में हरियाणवी संगीत का प्रतिनिधित्व किया, हरियाणा और इसकी समृद्ध संस्कृति को और अधिक पावर। जय हरियाणा जय हिन्द।
फैंस हुए गाने के दीवाने
एक फैन ने लिखा- बंदे एक नंबरी धंधे दो नंबरी, क्या गाना है वाह। एक ने कहा- इस गाने से समझ लो, फिल्म हिट हो गई। ढांडा के ज्यादातर फैंस ने उनकी तारीफों के पूल बांधे।
'मिर्जापुर: द मूवी' की कास्ट
'मिर्जापुर' फ्रेंचाइजी को पहली बार बड़े पर्दे पर ला रही 'मिर्जापुर: द मूवी' में अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु लीड रोल्स में हैं। यह उस कहानी को आगे बढ़ाती है जो एक काल्पनिक शहर में सत्ता के संघर्ष पर आधारित है। कलाकारों की इस बड़ी टीम में अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौड़, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस. चौहान भी शामिल हैं।
'मिर्जापुर: द मूवी' ट्रेलर की डेट
इस फिल्म को अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने पेश किया है। गुरमीत सिंह की निर्देशित और पुनीत कृष्णा की लिखित इस फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के तहत रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं। 'मिर्जापुर: द मूवी' 4 सितंबर, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी और उम्मीद है कि इसका ट्रेलर रिलीज से पहले फिल्म की एक झलक दिखाएगा।
'मिर्जापुर: द मूवी' के ट्रेलर का इंतजार
हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, आधिकारिक ट्रेलर 11 अगस्त को रिलीज होगा, जिससे दर्शकों को 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले फिल्म की एक गहरी झलक मिलेगी। रिपोर्ट में कहा गया है, 'बड़े पर्दे पर आने का काउंटडाउन शुरू हो गया है। टीजर से इंटरनेट पर धूम मचाने के बाद, मेकर्स अब 11 अगस्त को 'मिर्जापुर: द मूवी' का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं, जिससे दर्शकों को सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले मिर्जापुर की दुनिया की अब तक की सबसे बड़ी झलक मिलेगी।'