‘दृश्यम 3’ को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म के लेखक और निर्देशक अभिषेक पाठक ने बताया कि अक्षय खन्ना ने शूटिंग शुरू होने से सिर्फ सात दिन पहले फिल्म छोड़ दी थी। हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में निर्देशक ने इस फैसले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अजय देवगन के साथ अक्षय के सीन शूट होने में महज एक सप्ताह का समय बचा था। इसके बावजूद मेकर्स ने शूटिंग शेड्यूल आगे बढ़ाने के बजाय कहानी में बदलाव करने का फैसला लिया।
3 दिन में बदला किरदार
अभिषेक पाठक के मुताबिक फिल्म की शूटिंग रोकना आसान विकल्प नहीं था। प्रोजेक्ट पर 200 से ज्यादा क्रू मेंबर्स काम कर रहे थे। सेट तैयार था और दूसरे कलाकारों की डेट्स भी पहले से तय थीं। ऐसे में शूटिंग टालने से आर्थिक नुकसान के साथ पूरे शेड्यूल पर असर पड़ सकता था। इसलिए मेकर्स ने दो-तीन दिन में अक्षय खन्ना के किरदार को नए सिरे से लिख दिया।
जयदीप अहलावत की एंट्री
अक्षय खन्ना के फिल्म से बाहर होने के बाद मेकर्स ने जयदीप अहलावत से संपर्क किया। निर्देशक ने बताया कि फोन पर जयदीप ने सबसे पहले पूछा कि केवल कास्टिंग बदली है या किरदार भी बदला गया है। मेकर्स ने उन्हें बताया कि किरदार को ही नए सिरे से तैयार किया गया है। नई स्क्रिप्ट और भूमिका पसंद आने के बाद जयदीप करीब पांच-छह दिनों में फिल्म से जुड़ गए।
फीस और क्रिएटिव मुद्दों पर मतभेद
रिपोर्ट्स के मुताबिक अक्षय खन्ना के फिल्म से अलग होने के पीछे फीस और क्रिएटिव मुद्दों को लेकर मेकर्स के साथ सहमति नहीं बन पाना बताया गया था। हालांकि फिल्म के निर्देशक ने इंटरव्यू में मुख्य रूप से शूटिंग से ठीक पहले उनके बाहर होने और उसके बाद सामने आई चुनौती के बारे में बात की। अक्षय खन्ना इससे पहले ‘दृश्यम 2’ में आईजी तरूण अहलावत की भूमिका में नजर आए थे।
2 अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म
‘दृश्यम 3’ को फ्रेंचाइजी का तीसरा और आखिरी पार्ट बताया जा रहा है। फिल्म में अजय देवगन, तब्बू और श्रिया सरन अपनी पुरानी भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं जयदीप अहलावत नए और अहम किरदार में दिखाई देंगे।
फिल्म की रिलीज 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में प्रस्तावित है।