योगी सरकार ने ग्रेजुएट छात्राओं को स्कूटी बांटने का किया ऐलान, कैबिनेट से 18 प्रस्ताव पास
योगी सरकार इस साल ग्रेजुएशन पास करने वाली छात्राओं को स्कूटी बाटेंगी। इसका फायदा उन छात्राओं को होगा, जिनके परिवार की सालाना आय 10 लाख रुपए तक है। हालांकि, दिव्यांग छात्राओं, शहीदों और निराश्रित परिवार की बेटियों पर आय सीमा नहीं होगी। स्कूटी हर विश्वविद्यालय और कॉलेज की टॉप 5% छात्राओं को ही दी जाएगी। सरकार सिर्फ स्कूटी ही नहीं, बल्कि उसका बीमा, रजिस्ट्रेशन, हेलमेट, जरूरी एक्सेसरीज और 4 लीटर पेट्रोल भी देगी।
400 करोड़ के बजट को मंजूरी
हालांकि, छात्राओं को ड्राइविंग लाइसेंस खुद ही बनवाना होगा। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा- स्कूटी बांटने के लिए 400 करोड़ के बजट मंजूरी दी गई। स्कूटी पेट्रोल से चलने वाली होगी। इसकी खरीद जेम पोर्टल से की जाएगी। 10 लाख से अधिक इनकम वाले परिवारों की बेटियों को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
18 प्रस्तावों पर मुहर
दरअसल, मंगलवार दोपहर 12 बजे योगी कैबिनेट की बैठक हुई थी। इसमें रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना समेत 18 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। राज्य सरकार ने बताया कि UP विधानमंडल का मानसून सत्र 3 अगस्त से 6 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान सदन में संभल दंगों की जांच रिपोर्ट रखी जाएगी। साथ ही अनुपूरक बजट पेश किया होगा। इसके अलावा, राज्य में 2 और एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे। इनमें विंध्य एक्सप्रेस-वे और विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे शामिल हैं।