सतीश महाना ने पद छोड़ने की दी चेतावनी, भावुक होकर बोले - हमारी कोशिशों में ही कहीं कमी रही
UP विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना सदन की कार्यवाही के दौरान भावुक नजर आए। उन्होंने सदन में हुए घटनाक्रम पर दुख जताते हुए कहा कि उनकी सार्वजनिक और राजनीतिक यात्रा अब अंतिम चरण में है। ऐसे में उन्हें गंभीरता से विचार करना होगा कि विधानसभा अध्यक्ष के रूप में पिछले साढ़े 4 वर्षों में जो कुछ किया, वह सही था या नहीं।
महाना ने पद छोड़ने की दी चेतावनी
कार्यवाही शुरू होने पर सतीश महाना ने सभी सदस्यों से गरिमा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन भाषा और आचरण की मर्यादा बनाए रखना सभी सदस्यों की जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि कल जो घटनाक्रम हुआ, उससे उन्हें गहरा दुख पहुंचा। मानसून सत्र के तीसरे दिन सतीश महाना ने पद छोड़ने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा- कल सदन में जो हुआ, उससे मैं दुखी हूं। मेरे मन में पीड़ा है। मुझे पहली बार लगा कि या तो हमारी कोशिशों में कहीं कमी रह गई या फिर डॉ. अंबेडकर की बात सही है कि कमी संविधान में नहीं, बल्कि व्यक्तियों में होती है।
CM की लहराई थी फोटो
दरअसल, मंगलवार को सपा विधायक सचिन यादव ने CM योगी की फोटो लहराई थी। इस पर सदन में हंगामा हो गया था। गुस्से में महाना कुर्सी छोड़कर खड़े हो गए थे। हेडफोन फेंकते हुए चिल्लाकर कहा था- आप बाहर जाइए, नहीं तो विधायकी से बर्खास्त करवा दूंगा। इसके बाद दोनों पक्षों की महिला विधायक आमने-सामने आ गई थीं। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सपा विधायक सचिन यादव को पूरे सत्र के लिए सदन से निष्कासित कर दिया था।