रायपुर में खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने राज्य स्तर

छत्तीसगढ़ स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव: खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और मजबूत खेल व्यवस्था पर मंथन शुरू

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पहली बार राज्य स्तरीय स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने किया। कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासक, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, विशेषज्ञ, नामचीन खिलाड़ी और खेल संघों के पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य में खेलों को नई दिशा देना और खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर तैयार करना है।

खेलों के विकास पर होगा रोडमैप तैयार

कॉन्क्लेव के दौरान कई तकनीकी और विषय आधारित सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों में खेल प्रतिभाओं की पहचान, आधुनिक प्रशिक्षण, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की तैयारी, खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी।

अरुण साव ने खिलाड़ियों को दिया भरोसा

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि विकसित और समर्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में खेलों की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संघों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने मौजूदा खेल अधोसंरचना का बेहतर उपयोग, पारदर्शी व्यवस्था और सभी जिलों में मजबूत खेल संघों के गठन पर भी जोर दिया।

नई खेल नीति में शामिल होंगे सुझाव

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने बताया कि कॉन्क्लेव में आने वाले सुझावों को राज्य की नई खेल नीति में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में ₹150 करोड़ से अधिक लागत की खेल अधोसंरचना परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इन परियोजनाओं से खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं और बेहतर प्रशिक्षण का माहौल मिलेगा।

खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा फायदा

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता किरण पिस्दा ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजन पहले ही प्रतिभाओं को मंच दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार आयोजित यह स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए ठोस रोडमैप तैयार करेगा।

देशभर के विशेषज्ञ हुए शामिल

कॉन्क्लेव में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान, ओलंपियन जिन्शन जॉनसन, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया सहित कई खेल विशेषज्ञ, प्रशिक्षक, पदक विजेता खिलाड़ी और सभी जिलों के खेल अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन को राज्य के खेल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।