पीएम मोदी ने कुरुक्षेत्र में 617 करोड़ रुपये की दो

पीएम मोदी ने दी 617 करोड़ की कुरुक्षेत्र को सौगात:प्रदेश के पहले सिख म्यूजियम का शिलान्यास,5 फाटक खत्म

पीएम मोदी ने दी 617 करोड़ की कुरुक्षेत्र को सौगात:प्रदेश के पहले सिख म्यूजियम का शिलान्यास,5 फाटक खत्म

हरियाणा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शुक्रवार को कुरुक्षेत्र को 617 करोड़ रुपए की 2 बड़ी सौगातें दीं। जींद की धरती से प्रधानमंत्री मोदी ने देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल-सेल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस कार्यक्रम के जरिए मोदी ने कुरुक्षेत्र में बनने वाले हरियाणा के पहले सिख म्यूजियम का वर्चुअल शिलान्यास किया।

साथ ही 447 करोड़ रुपए की लागत से तैयार एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का भी लोकार्पण किया गया। इस मौके पर कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी और रेलवे स्टेशन पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में सांसद नवीन जिंदल चीफ गेस्ट रहे। इसके अलावा रेलवे स्टेशन थानेसर पर अलग से कार्यक्रम आयोजित किया गया।

स्टेशन का बारीकी से लिया जायजा

कार्यक्रम से पहले सांसद नवीन जिंदल ने एलिवेटेड रेलवे ट्रैक और नए रेलवे स्टेशन का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन तक पहुंचने वाले मार्ग का भी जायजा लिया और अधिकारियों को सुझाव दिया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए स्टेशन की एंट्री मुख्य सड़क की बजाय साइड से विकसित की जाए, ताकि भविष्य में ट्रैफिक का दबाव कम रहे।रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में लोकार्पण से पहले सांसद नवीन जिंदल और पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। दोनों नेताओं ने इस परियोजना को कुरुक्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। मंच पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया।

15 हजार करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगा हरियाणा: नवीन जिंदल

मीडिया से बातचीत में सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद से हरियाणा के लिए 15 हजार करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया है। इन परियोजनाओं से प्रदेश का इंफ्रास्ट्रक्चर और मजबूत होगा। नई सड़कें, राष्ट्रीय राजमार्ग, मेडिकल कॉलेज और रेलवे परियोजनाएं विकास को नई गति देंगी।उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र के लिए सबसे बड़ी सौगात एलिवेटेड रेलवे ट्रैक है, जिसका लोग कई वर्षों से इंतजार कर रहे थे। इसके शुरू होने से शहर के लोगों को रोज लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिलेगी।

447 करोड़ का एलिवेटेड ट्रैक, अब बिना रुके चलेगा शहर

करीब 447 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 5.84 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का शुक्रवार को औपचारिक लोकार्पण किया गया। हालांकि पिछले सप्ताह इस ट्रैक पर ट्रेन का सफल संचालन भी हो चुका था। इस परियोजना के साथ प्रदेश का पहला एलिवेटेड रेलवे प्लेटफॉर्म भी तैयार हुआ है, जिसकी लंबाई करीब 600 मीटर है।एलिवेटेड ट्रैक शुरू होने के बाद शहर के 5 प्रमुख रेलवे फाटक हमेशा के लिए बंद हो गए हैं। इनमें झांसा रोड, कच्चा घेर, शास्त्री मार्केट, एलएनजेपी अस्पताल के सामने और थर्ड गेट रेलवे फाटक शामिल हैं। अब ट्रेनें ऊंचे ट्रैक से गुजरेंगी और सड़क यातायात बिना किसी रुकावट के चलता रहेगा।

170 करोड़ में बनेगा हरियाणा का पहला सिख म्यूजियम

प्रधानमंत्री ने कुरुक्षेत्र में बनने वाले हरियाणा के पहले सिख म्यूजियम का भी वर्चुअल शिलान्यास किया। करीब 170 करोड़ रुपए की लागत से यह म्यूजियम दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 पर उमरी रोड के पास लगभग पांच एकड़ भूमि पर बनाया जाएगा। यह दो मंजिला आधुनिक संग्रहालय होगा।