गोरखपुर: ज्वैलरी कारोबारी के पोते का अपहरण के बाद हत्या, कम्प्यूटर टीचर निकला कातिल
UP के गोरखपुर के ज्वैलरी कारोबारी के 10 साल के पोते की मंगलवार को अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। लाश घर से 20 m दूर कपड़ा कारोबारी के घर में मिली। SSP डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि वैभव सोमवार शाम को लापता हो गया था। वह स्कूल से घर लौटा। फिर साइकिल लेकर घर के बाहर खेलने निकल गया।
कम्प्यूटर टीचर ने की हत्या
करीब 30 मिनट बाद परिवार को सूचना मिली कि बच्चे की साइकिल लावारिस पड़ी है। परिजन भागते हुए पहुंचे। आसपास तलाश की तो थोड़ी दूरी पर बच्चे की चप्पल मिली। परिवार ने पूरे इलाके में तलाश की। स्कूल, दोस्तों, रिश्तेदारों में पता किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस फॉरेंसिक, डॉग स्कवॉयड के साथ मौक पर पहुंची। CCTV चेक किए तो बच्चा पड़ोस में रहने वाले कम्प्यूटर टीचर के साथ जाते दिखाई दिया। पूछताछ की गई तो उसने अपहरण के बाद हत्या की बात कबूल की।
बेसमेंट से वैभव का शव बरामद
आरोपी की निशानदेही पर घर के बेसमेंट से वैभव का शव बरामद कर लिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला जिला मुख्यालय से 50 किमी दूर खजनी कस्बे की है। खजनी कस्बे में लक्ष्मी नारायण वर्मा इलाके के सबसे बड़े ज्वैलरी कारोबारी में से एक है। लक्ष्मी नारायण के बेटे हनुमान का सबसे छोटा बेटा वैभव नवल्स एकेडमी से 4 क्लास में पढ़ाई करता था। सोमवार दोपहर 1:30 बजे वैभव स्कूल से घर आया। फिर साइकिल लेकर घर से निकलने लगा।
CCTV से खुलासा
वैभव के गायब होने के बाद पुलिस को एक CCTV में वैभव खेत में दिखाई दिया। उसके साथ एक शख्स था। वैभव आगे-आगे चल रहा था। पीछे-पीछे शख्स नजर आ रहा था। वैभव के पिता ने बताया की यह पड़ोस में रहने वाले सर्वेश भट्ट है। पुलिस ने सर्वेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ।