शताब्दी एक्सप्रेस में लापरवाही: यात्रियों को परोसी एक्सपायरी ब्रेड, फूड पॉयजनिंग की आशंका से मचा हड़कंप
दिल्ली से भोपाल (रानी कमलापति) आ रही 12002 शताब्दी एक्सप्रेस में रेलवे की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह ट्रेन के C-4 कोच सहित कई कोचों में यात्रियों को नाश्ते में एक्सपायरी ब्रेड परोस दी गई। ब्रेड के पैकेट पर 'यूज़ बाय' डेट 10 जुलाई 2026 अंकित थी, जबकि यात्री इसे 11 जुलाई को खा रहे थे।
कोच में हड़कंप मच गया
ब्रेड खाने के बाद जब यात्रियों की नजर पैकेट पर गई, तो कोच में हड़कंप मच गया। छोटे बच्चों समेत करीब 74 यात्रियों द्वारा यह ब्रेड खाए जाने के कारण फूड पॉयजनिंग की गंभीर आशंका जताई जा रही है। यात्रियों के अनुसार, कोच के बाहर रखे कैटरिंग स्टॉक में भी इसी तारीख वाली ब्रेड मिली, जिससे साफ है कि यह एक्सपायरी खाना पूरी ट्रेन में सप्लाई किया गया था। इस घटना से आक्रोशित यात्रियों ने तुरंत 'रेल मदद' ऐप और ऑनलाइन उपभोक्ता आयोग (कंज्यूमर कमीशन) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
अधिकांश लोग नाश्ता कर चुके
ट्रेन में सफर कर रहे सीनियर एनालिस्ट प्रणव और सह-यात्री अशोक कालिया ने बताया कि अधिकांश लोग नाश्ता कर चुके थे, जिसके बाद एक्सपायरी डेट का पता चला। यात्रियों का कहना है कि ऐसी घटनाएं रेलवे की खानपान व्यवस्था पर उनके भरोसे को कमजोर करती हैं।
जिम्मेदारी से बचते अधिकारी
इस गंभीर लापरवाही पर आईआरसीटीसी (IRCTC) के रीजनल अधिकारी मनोरंजन बिनकर ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि यह नॉर्दर्न रेलवे की ट्रेन है और खाना वहीं से लोड होता है। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई को लेकर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
गौरतलब है कि एक दिन पहले (10 जुलाई) भी भोपाल से दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस में भोजन की खराब क्वालिटी और कम मात्रा को लेकर यात्रियों ने सोशल मीडिया पर रेल मंत्री से शिकायत की थी। लगातार दो दिनों से आ रही शिकायतों ने वीआईपी ट्रेनों की कैटरिंग व्यवस्था और यात्रियों की सेहत से हो रहे खिलवाड़ पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।