रुड़की में प्रतिभा सम्मान समारोह, CM धामी ने प्रतिभावान छात्रों को किया सम्मानित
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में आयोजित 'प्रतिभा सम्मान समारोह' में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। यह आयोजन विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान, उत्तराखंड की ओर से आयोजित किया गया था।
मुख्यमंत्री धामी ने लगातार तीसरे साल इस कार्यक्रम में शामिल होकर प्रतिभाशाली छात्रों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि मेहनत, अनुशासन और अच्छे संस्कार किसी भी लक्ष्य को हासिल करने की सबसे बड़ी ताकत हैं।
CM धामी ने दी विद्यार्थियों को बधाई
CM पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित होने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि आगे और बेहतर करने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे जीवन की हर चुनौती का सामना करने के लिए ज्यादा तैयार होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि यही युवा भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
शिक्षा व्यवस्था को किया मजबूत
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विद्या भारती ने देशभर में भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और राष्ट्रभक्ति पर आधारित शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया। उन्होंने बताया कि सरस्वती शिशु मंदिर आंदोलन, जिसकी शुरुआत साल 1952 में गोरखपुर से हुई थी, आज भारत का एक बड़ा शैक्षणिक नेटवर्क बन चुका है। CM ने कहा कि वर्तमान में विद्या भारती देशभर में लगभग 45 लाख विद्यार्थियों को शिक्षा और संस्कार प्रदान कर रही है। वहीं प्रदेश में संगठन के 562 विद्यालयों में करीब 1.25 लाख छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी ने संगठन से जुड़े शिक्षकों, स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं के योगदान की भी सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्पण नई पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
आधुनिक शिक्षा नीति
CM धामी ने कहा कि उत्तराखंड राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने वाला देश का पहला राज्य है। नई शिक्षा नीति के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, व्यावहारिक बनाया जा रहा है ताकि विद्यार्थी भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार सरकारी विद्यालयों में लगातार नई सुविधाएं जोड़ रही है ताकि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।