कनाडा के एडमिंटन में पंजाबी युवती दमनप्रीत कौर की

कनाडा में पंजाबी युवती की हत्या: लिव-इन पार्टनर पर गला घोंटकर मारने का आरोप, पिता ने जमीन बेचकर भेजा था विदेश

कनाडा के एडमिंटन शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पंजाब के लुधियाना की रहने वाली 23 वर्षीय दमनप्रीत कौर की कथित तौर पर उसके लिव-इन पार्टनर ने गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सेकेंड डिग्री मर्डर का मामला दर्ज किया है।

दमनप्रीत कौर करीब पांच साल पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गई थीं। परिवार ने बेहतर भविष्य की उम्मीद में उन्हें विदेश भेजने के लिए अपनी जमीन तक बेच दी थी। लेकिन अब उनकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

पढ़ाई के दौरान हुई थी दोनों की मुलाकात

जानकारी के अनुसार, दमनप्रीत की मुलाकात वर्ष 2021 में पढ़ाई के दौरान दिल्ली निवासी 22 वर्षीय रितेश कुमार से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। हालांकि, दोनों कब से साथ रह रहे थे, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

इमरजेंसी कॉल के बाद पहुंची पुलिस

9 जुलाई की शाम करीब 6:44 बजे एडमिंटन पुलिस को शहर के सिल्वरबेरी इलाके स्थित एक मकान से इमरजेंसी कॉल मिली। मौके पर पहुंची पुलिस और पैरामेडिकल टीम ने दमनप्रीत को बेहोशी की हालत में पाया। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन दिन तक इलाज के बाद 12 जुलाई को उनकी मौत हो गई।

पोस्टमॉर्टम में हुआ हत्या का खुलासा

14 जुलाई को मेडिकल एग्जामिनर द्वारा किए गए पोस्टमॉर्टम में स्पष्ट हुआ कि दमनप्रीत की मौत प्राकृतिक नहीं थी। जांच में सामने आया कि उनकी मौत गला घोंटने के कारण हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।

आरोपी गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज

एडमिंटन पुलिस सर्विस की होमिसाइड यूनिट ने 22 जुलाई को आरोपी रितेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ सेकेंड डिग्री मर्डर के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह मामला इंटिमेट पार्टनर होमिसाइड (घरेलू या पार्टनर हिंसा से जुड़ी हत्या) का है और फिलहाल किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं की जा रही है।

पुलिस ने 23 जुलाई को गिरफ्तारी की आधिकारिक जानकारी साझा की। हालांकि, दोनों के बीच विवाद किस वजह से हुआ, इसका खुलासा अभी तक नहीं किया गया है।

पिता ने जमीन बेचकर बेटी को भेजा था कनाडा

दमनप्रीत कौर पंजाब के लुधियाना जिले के समराला क्षेत्र के गांव लाल कलां की रहने वाली थीं। उनके पिता गुरुद्वारे में पाठी (ग्रंथी) के रूप में सेवा करते हैं। परिवार ने बेटी के बेहतर भविष्य के लिए अपनी जमीन बेचकर उन्हें कनाडा भेजा था। पढ़ाई पूरी करने के बाद दमनप्रीत वहीं नौकरी भी कर रही थीं।

शव भारत लाने की तैयारी

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दमनप्रीत के पार्थिव शरीर को भारत लाने और अंतिम संस्कार से जुड़े खर्च के लिए गो-फंड-मी अभियान शुरू किया गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि शव भारत कब तक पहुंचेगा।

बताया जा रहा है कि आरोपी रितेश कुमार भी पढ़ाई पूरी करने के बाद कनाडा में नौकरी कर रहा था। वहीं, अब तक भारतीय दूतावास या भारत सरकार की ओर से परिवार को किसी आधिकारिक सहायता की जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस जांच जारी

एडमिंटन पुलिस मामले की जांच कर रही है। आने वाली कोर्ट सुनवाई में आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक सबूत अदालत में पेश किए जाएंगे।