बीकानेर में बस और बोलेरो की भिड़ंत, 3 की मौत, 8 घायल
बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ थाना इलाके में बस और बोलेरो में आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। घटना में बुआ-भतीजी समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दोपहर करीब 3 बजे नेशनल हाईवे-11 पर हुआ। बस बीकानेर से जयपुर जा रही थी, जबकि बोलेरो श्रीडूंगरगढ़ की तरफ से आ रही थी। सभी घायल कार में सवार थे, जिन्हें PBM हॉस्पिटल रेफर किया गया है।
मेडिकल टीम अलर्ट
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और एंबुलेंस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह ने बताया कि हादसे में जीप सवार शिवानी, मेघा और चालक दानीराम की मृत्यू हो गई। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर कर दिया गया। एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचने पर मेडिकल टीम अलर्ट हो गई और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।
दर्शन कर लौट रहे थे मृतक
ASI गजेन्द्र सिंह ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के मुताबिक गुंसाईसर छोटा निवासी परिवार तौलियासर गांव स्थित भैरुंजी मंदिर में दर्शन कर वापस गांव लौट रहा था, लेकिन रास्ते में यह परिवार हादसे का शिकार हो गया। घटना के तुरंत बाद आस-पास के लोगों ने तुरंत मदद की। APJ अब्दुल कलाम ट्रस्ट के सेवादार एवं समाजसेवी हरीकिशन सिंह राजपुरोहित ने घायलों को वाहनों से बाहर निकालने, एंबुलेंस तक पहुंचाने और अस्पताल भिजवाने में अहम भूमिका निभाई।