हरियाणा सरकार 7 अगस्त को पंचकूला में ताऊ देवीलाल स

पंचकूला में 7 अगस्त को कॉमनवेल्थ पदकवीरों का सम्मान, CM सैनी बांटेंगे 13 करोड़ रुपये के कैश अवॉर्ड

पंचकूला में 7 अगस्त को कॉमनवेल्थ पदकवीरों का सम्मान, CM सैनी बांटेंगे 13 करोड़ रुपये के कैश अवॉर्ड

कॉमनवेल्थ गेम्स में देश और हरियाणा का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य सरकार सम्मानित करने जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 7 अगस्त को पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ-साथ कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने वाले अन्य खिलाड़ियों को भी सम्मानित करेंगे।

राज्य सरकार की ओर से इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों को करीब 13 करोड़ रुपये के कैश अवॉर्ड प्रदान किए जाएंगे। समारोह में लगभग 2 हजार युवा खिलाड़ी भी मौजूद रहेंगे, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों से प्रेरणा लेंगे।

कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने वाले  खिलाडी

कॉमनवेल्थ में हरियाणा का शानदार प्रदर्शन

कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन में हरियाणा के खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही। भारत ने प्रतियोगिता में कुल 13 स्वर्ण पदक जीते, जिनमें से 7 स्वर्ण पदक हरियाणा के खिलाड़ियों के नाम रहे।

इसके अलावा हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश के लिए कुल 10 पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। राज्य सरकार का कहना है कि खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है।

पदक विजेताओं के साथ प्रतिभागी खिलाड़ियों का भी सम्मान

सरकार ने इस बार सम्मान समारोह का दायरा बढ़ाते हुए केवल पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को ही नहीं, बल्कि कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी खिलाड़ियों को सम्मानित करने का फैसला किया है।

इस पहल का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना है। सरकार का मानना है कि ऐसे आयोजनों से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।

ताऊ देवीलाल स्टेडियम में जुटेंगे खेल जगत के दिग्गज

पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में होने वाले इस समारोह में बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी, खेल अधिकारी और खेल जगत से जुड़े लोग शामिल होंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना करेंगे।

हरियाणा के मैडल जीतने वाले खिलाडी

हरियाणा सरकार पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए नकद पुरस्कार और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराती रही है। इस सम्मान समारोह को राज्य की खेल नीति और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।