बिहार के गोपालगंज के सेमराव गांव में गुड्डू राय के घर 2 और 3 अप्रैल को जनेऊ संस्कार का कार्यक्रम था। जनेऊ में विधायक अनंत सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ शामिल हुए थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मेहमान आए थे। उनके लिए ठहरने और खाने-पीने की खास व्यवस्था की गई। इस दौरान अवैध / प्रतिबंधित, लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन हुआ। साथ ही एक वीडियो सामने आया था, जिसमें डांसर अर्चना तिवारी ‘सलाम-ए-इश्क मेरी जान’, ‘तवायफ कहां मोहब्बत करती है’, जैसे गानों पर डांस करतीं नजर आईं थी।
अनंत सिंह पर FIR
डांस के दौरान पहली लाइन में बैठे बाहुबली नेता अनंत सिंह तालियां बजाते दिखे थे। इस मामले में गोपालगंज पुलिस ने अनंत सिंह समेत 9 लोगों पर FIR दर्ज की थी। अब इस मामले में डांसर का रिएक्शन सामने आया। उन्होंने इस वीडियो और FIR को साजिश बताया। कार्यक्रम में डांस करने वाली डांसर अर्चना तिवारी ने पुलिस की कार्रवाई और कुछ टिप्पणियों पर नाराजगी जताई है। अर्चना ने कहा, तवायफ कह कर मुझे बदनाम करने की कोशिश की जा रही। मैं तिवारी हूं और एक अच्छे परिवार से हूं। डांस मेरा पैशन है और मुझे परफॉर्मेंस के लिए बुलाया जाता है। किसी कलाकार के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना गलत और अपमानजनक है।

डांसर का रिएक्शन
अर्चना ने कहा - एक कलाकार को तवायफ कहना बहुत गलत मानसिकता को दिखाता है। मैंने कोई अश्लील डांस नहीं किया। पूरी तरह सादे और ढके कपड़े में डांस किया। ये सिर्फ विधायक अनंत सिंह को बदनाम करने की साजिश है। एक कलाकार को बेवजह इस विवाद में घसीटना ठीक नहीं है।
‘कानून का उल्लंघन नहीं किया’
वहीं इस मामले को लेकर अनंत सिंह ने कहा, हमने कोई कानून का उल्लंघन नहीं किया और न ही गलत काम किया। जब वहां पहुंचे, उस समय कोई व्यक्ति राइफल लेकर नाच-गा रहा था, उससे उनका कोई लेना-देना नहीं। हमने किसी भी तरह का कानून नहीं तोड़ा। अगर कहीं जाने को लेकर कोई नियम है, तो यह स्थानीय SP की जिम्मेदारी होती है कि वह आदेश जारी करे। यदि SP यह निर्देश दें कि उन्हें वहां नहीं जाना है, तो वह नहीं जाएंगे।