राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जयपुर में रोड शो के दौरान ‘लव जिहाद’ को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जयपुर सहित पूरे राजस्थान में ‘लव जिहाद’ की समस्या को खत्म कर दिया है। मुख्यमंत्री ने यह बात निकाय चुनाव के प्रचार अभियान के अंतिम दिन लोगों को संबोधित करते हुए कही।
‘लव जिहाद’ पर CM का दावा
CM भजनलाल शर्मा ने कहा कि पिछली अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल में कई तरह की घटनाएं होती थीं। उन्होंने दावा किया कि जयपुर की चारदीवारी से लोगों को जबरन बाहर भेज दिया जाता था और ‘लव जिहाद’ की घटनाएं भी सामने आती थीं। भाजपा सरकार के आने के बाद इन पर रोक लगी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने डिस्टर्ब एरिया विधेयक विधानसभा में पेश किया है। इसके बाद लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने पेपर लीक के मामलों का भी जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने इन घटनाओं पर भी रोक लगाई है।
कांग्रेस पर तुष्टिकरण का आरोप
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने तुष्टिकरण के आधार पर जयपुर में दो नगर निगम बनाए थे, जबकि भाजपा सरकार ने उन्हें वापस एक कर दिया है।
निकाय चुनाव का प्रचार
दरअसल, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दूसरे चरण के निकाय चुनाव के प्रचार अभियान के अंतिम दिन जयपुर में रोड शो कर रहे थे। दूसरे चरण में जयपुर नगर निगम समेत कई निकायों के लिए शुक्रवार को मतदान होना है। राज्य में 309 स्थानीय निकायों के चुनाव हो रहे हैं। बुधवार को पहले चरण में 162 नगरीय निकायों के 5,392 वार्ड पार्षदों के लिए मतदान हुआ। पहले चरण में करीब 73 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मिठाई के डिब्बों में मिले नोट
इसी बीच अलवर के वार्ड नंबर 42 में मंगलवार देर शाम एक कार से मिठाई के डिब्बों में 500-500 रुपये के नोट मिलने का मामला सामने आया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डिब्बों को जब्त कर लिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये डिब्बे किस प्रत्याशी की ओर से बांटे जा रहे थे।
ऊंट पर रोड शो की शिकायत
अजमेर में एक वार्ड से भाजपा प्रत्याशी ने ऊंटों पर रोड शो किया। निर्वाचन आयोग ने रोड शो में ऊंट के इस्तेमाल पर रोक लगा रखी है। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई है