राजस्थान में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरम है। इसी बीच भजनलाल सरकार ने बुधवार को बीजेपी का निकाय चुनाव घोषणापत्र जारी किया। जयपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर नाम लिए बिना निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने डोटासरा के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा, 'काका जी देख लें, अब तो वन स्टेट वन इलेक्शन हो रहा है।' सीएम के इस बयान के बाद राजस्थान की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
'काका जी देख लें'
घोषणापत्र जारी करने के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपनी सरकार के करीब डेढ़ साल के कामकाज का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने की दिशा में काम किया है और कई मामलों में घोषणापत्र से आगे बढ़कर काम किया गया है।
वन स्टेट वन इलेक्शन को लेकर सवाल पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के एक नेता के पुराने बयान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने प्रदेश में वन स्टेट वन इलेक्शन कराने की बात कही थी, तब कांग्रेस के एक नेता ने कहा था कि उनके 'काका जी' भी इसे नहीं करा सकते। सीएम ने पलटवार करते हुए कहा कि अब चुनाव हो रहे हैं और काका जी इसे देख लें। उन्होंने आगे कहा कि अब यह कौन करा रहा है, इस पर वह नहीं जाना चाहते।
डोटासरा का पुराना बयान
मुख्यमंत्री का यह तंज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के फरवरी 2026 के बयान से जुड़ा है। उस समय डोटासरा ने वन स्टेट वन इलेक्शन को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि इसे भजनलाल सरकार के 'काका जी' भी नहीं करवा सकते। डोटासरा ने सरकार पर निकाय और पंचायत चुनावों को टालने की कोशिश करने का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी कहा था कि स्थानीय निकाय चुनावों में एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के आरक्षण अधिकारों से खिलवाड़ किया जा रहा है। अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उसी बयान का हवाला देते हुए डोटासरा पर पलटवार किया है।
BJP का घोषणापत्र जारी
जयपुर के सी-स्कीम स्थित एक होटल में बीजेपी की ओर से नगर निकाय चुनाव का घोषणापत्र जारी किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अलावा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, संगठन महामंत्री अजेय कुमार और सांसद मंजू शर्मा भी मौजूद रहे। घोषणापत्र जारी करने से पहले प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी सरकार के कामकाज को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की गारंटी पर भरोसा है।
चुनाव से पहले सियासत तेज
राजस्थान में नगर निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी खींचतान लगातार बढ़ रही है। ऐसे में घोषणापत्र जारी करने के मंच से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का डोटासरा पर निशाना साधना चुनावी माहौल को और गरमा सकता है। एक तरफ बीजेपी अपने काम और घोषणाओं को लेकर जनता के बीच जाने की तैयारी कर रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस सरकार की नीतियों और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रही है। अब दोनों दलों के बीच जुबानी जंग आने वाले दिनों में और तेज होने की संभावना है।