कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने रविवार को सागर के बंडा शराबकांड को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रभावित गांवों का दौरा कर उन्होंने करीब 30 पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए सागर एसपी अनुराग सुजानिया को तत्काल हटाने की मांग की।
प्रशासन पर मिलीभगत के आरोप
दिग्विजय सिंह ने बुंदेली भाषा में अपनी बात रखते हुए कहा कि वे बेहद दुखी मन से सागर आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बंडा सहित पूरे जिले में अवैध शराब कारोबारियों को प्रशासन और रसूखदार नेताओं का संरक्षण मिल रहा है। उनका कहना था कि बिना प्रशासनिक मिलीभगत के इतना बड़ा अवैध शराब नेटवर्क चलना संभव नहीं है।
एसपी की भूमिका पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने सागर एसपी अनुराग सुजानिया के कार्यकाल की EOW से जांच कराने की मांग की। उन्होंने मुरैना में जहरीली शराब की घटना के दौरान एसपी की तैनाती का जिक्र करते हुए सागर में हुई घटना पर सवाल उठाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और शराब कारोबारियों के कथित संबंधों की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही कहा कि यदि उनके आरोप गलत साबित होते हैं, तो एसपी उनके खिलाफ मानहानि का दावा कर सकते हैं।
‘सागर गोल्ड’ मामले में सख्त कार्रवाई की मांग
दिग्विजय सिंह ने ‘सागर गोल्ड’ शराब पीने से हुई मौतों के मामलों में पर्याप्त धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब बनाने वालों, ठेकेदार जंडेल सिंह गुर्जर और संबंधित डिस्टलरियों पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण एसपी बंगले के सामने अवैध शराब फेंकने को मजबूर हो सकते हैं।
चार पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद
दिग्विजय सिंह ने चार पीड़ित परिवारों को गोद लेने की घोषणा की। उन्होंने प्रत्येक परिवार को अपनी ओर से 10 हजार रुपये प्रतिमाह सहायता देने और अनाथ बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च उठाने का ऐलान किया। साथ ही मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और प्रभावित परिवारों के सदस्यों को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
राजनीतिक संरक्षण की जांच की मांग
उन्होंने मंत्री गोविंद राजपूत और पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह पर भी सवाल उठाए। दिग्विजय सिंह ने अवैध शराब कारोबार और राजनीतिक संरक्षण के कथित संबंधों की जांच की मांग की। उन्होंने आबकारी विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए सरकार की जांच समितियों पर अविश्वास जताया।
सनातन स्वाभिमान यात्रा का ऐलान
प्रेसवार्ता में दिग्विजय सिंह ने 20 अक्टूबर से उज्जैन से अयोध्या तक ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ निकालने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान प्रतिदिन करीब 15 किलोमीटर पैदल चलकर धर्म और परंपराओं पर संवाद किया जाएगा। साथ ही राम मंदिर निर्माण के चंदे और खर्च का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई।