Singrauli news: सिंगरौली में दिनदहाड़े बैंक लूट की वारदात सामने आई है। बताया जा रहा है कि, शुक्रवार दोपहर विंध्यनगर में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में पांच हथियारबंद डकैत घुसे और 10 से 15 मिनट में 15 करोड़ रुपए लेकर फरार हो गए। इसमें 9 से 10 किलो सोना और करीब 20 लाख रुपए कैश शामिल है। और डकैतों ने मैनेजर के साथ मारपीट भी की है।और बैंक के अंदर लोगों को डराने के लिए फायरिंग किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

Singrauli news: शहर में घेराबंदी भी कर दी गई
लूटा गया सोना उन ग्राहकों का है जिन्होंने बैंक से गोल्ड लोन लिया था। बता दें कि आरोपी पिट्ठू बैग लेकर आए थे। एक ही लॉकर में सोना रखा था। पांचों ने बैग में सोना और कैश भरा और फरार हो गए। इस मामले में इलाके में हड़कंप है। जांच के लिए पुलिस अधिकारी पहुंचे हैं। इन्हें बैंक की गेट पर बन्दूक द्वारा चलाई गई गोली मिली। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शहर में घेराबंदी भी कर दी गई है।
Singrauli news: DGP कैलाश मकवाना भोपाल से रवाना
पुलिस टीम के साथ एसपी भी मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि, बदमाशों ने बैंक मैनेजर से लॉकर की चाबी और नगदी की जानकारी ली। जब मैनेजर ने उनकी बात मानने से मना किया तो उसके साथ मारपीट की गई। बैंक लूट की इस वारदात के सामने आने के बाद डीजीपी कैलाश मकवाना भोपाल से सिंगरौली के लिए रवाना हो गए हैं। रीवा पहुंचकर वे सड़क मार्ग से सिंगरौली पहुंच जाएंगे।
शहर के एग्जिट पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग
बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से पुलिस आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। शहर के एग्जिट पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग की गई है।
