SP Vision India PDA: उत्तरप्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज होने वाली है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अब राज्य में ‘विजन इंडिया PDA’ अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। यह अभियान संसद सत्र के बाद गाजियाबाद से शुरू होगा और इसके जरिए युवाओं, किसानों और विभिन्न वर्गों के साथ सीधे संवाद करने की रणनीति तैयार की गई है।

सपा का अभियान
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए यह अभियान बेहद अहम माना जा रहा है। समाजवादी पार्टी इस पहल के माध्यम से न केवल अपनी नीतियों को जनता तक पहुंचाना चाहती है, बल्कि युवाओं के मुद्दों को समझकर उन्हें अपने पक्ष में साधने का प्रयास करेगी।
SP Vision India PDA: ‘विजन इंडिया PDA’
‘विजन इंडिया PDA’ अभियान का उद्देश्य केवल राजनीतिक संवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे व्यापक सामाजिक और विकासात्मक पहल के रूप में पेश किया जा रहा है। इसमें ‘PDA’ का अर्थ भी खास तौर पर तय किया गया है, P यानी प्लान (Plan), D यानी डेवलप (Develop) और A यानी एसेंट (Ascent)। इस अवधारणा के जरिए विकास की नई रूपरेखा प्रस्तुत करने की कोशिश की जा रही है।
युवाओं से संवाद करेंगे अखिलेश
गाजियाबाद से शुरू होने वाले इस अभियान में अखिलेश यादव युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान रोजगार, शिक्षा, स्टार्टअप, डिजिटल अवसर और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर बात की जाएगी। इसके साथ ही किसानों के साथ कृषि से जुड़े विषयों-जैसे फसल की लागत, MSP, सिंचाई सुविधाएं और नई तकनीकों पर भी विस्तार से बातचीत की जाएगी।
