उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार शाम एक बड़ा रेल हादसा हो गया, जिसमें 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा यमुनापार इलाके के करछना–भीरपुर रेलवे खंड के बीच हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और रेलवे प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डाउन लाइन पर चल रही नेता जी एक्सप्रेस के लोको पायलट ने ट्रैक पर पहले से एक शव पड़ा देखा। इसके बाद ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोक दिया गया।ट्रेन के रुकते ही जनरल कोच में सवार कुछ यात्री नीचे उतर गए और पास की दूसरी लाइन पर चले गए। इसी दौरान अप दिशा से आ रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस तेज गति से वहां पहुंची और ट्रैक पर मौजूद यात्रियों को अपनी चपेट में ले लिया।इस दुर्घटना में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर पहुंची राहत टीम
हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के जरिए शिनाख्त करने में जुटी है। साथ ही ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है।
पहले से पड़े शव की भी जांच
रेलवे और पुलिस यह भी जांच कर रहे हैं कि ट्रैक पर पहले से पड़ा शव किसका था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। यह घटना पूरे मामले को और गंभीर बना रही है।
सीएम योगी ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन रुकने की स्थिति में बिना अनुमति नीचे न उतरें और रेलवे ट्रैक पर जाने से बचें। सुरक्षा नियमों का पालन करना इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए बेहद जरूरी है।
