IPL 2026 RCB vs DC: आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार वापसी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को एक बेहद रोमांचक मुकाबले में 6 विकेट से हरा दिया। आखिरी ओवर तक चले इस हाई-वोल्टेज मैच में डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स की सूझबूझ भरी बल्लेबाजी ने दिल्ली को जीत की पटरी पर लौटा दिया।
आखिरी ओवर में रोमांच के बाद मिली जीत
बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 175/8 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में दिल्ली ने 19.5 ओवर में 179/4 बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अंतिम ओवर में DC को 15 रन चाहिए थे, जिसे डेविड मिलर ने रोमारियो शेफर्ड के खिलाफ लगातार चौकों के साथ आसान बना दिया।

खराब शुरुआत के बाद संभली दिल्ली
लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। भुवनेश्वर कुमार ने शुरुआती ओवरों में पथुम निसांका, करुण नायर और समीर रिजवी को आउट कर DC को 18/3 पर ला दिया। इसके बाद केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 69 रन जोड़े। राहुल ने 34 गेंदों में 57 रन बनाए, जबकि स्टब्स ने अंत तक टिककर 47 गेंदों में नाबाद 60 रन ठोके।
मिलर की फिनिशिंग ने दिलाई जीत
राहुल के आउट होने के बाद कप्तान अक्षर पटेल ने 26 रनों की अहम पारी खेली, लेकिन वह रिटायर्ड हर्ट हो गए। इसके बाद डेविड मिलर ने स्टब्स के साथ मिलकर 45 रनों की नाबाद साझेदारी की और टीम को जीत दिलाई। मिलर ने सिर्फ 10 गेंदों में 22 रन बनाए और आखिरी ओवर में मैच खत्म किया।
RCB की ओर से साल्ट ने किया धमाल
इससे पहले RCB के लिए फिल सॉल्ट ने 28 गेंदों में 63 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। टिम डेविड ने 26 रन जोड़े, जबकि विराट कोहली ने 19 रन बनाए। हालांकि, अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके, जिससे टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने से चूक गई।

गेंदबाजों का देखने मिला-जुला प्रदर्शन
दिल्ली की ओर से कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और लुंगी एनगिडी ने दो-दो विकेट झटके, जबकि मुकेश कुमार को एक सफलता मिली। गेंदबाजों के इस सामूहिक प्रदर्शन ने RCB को 175 रन तक ही सीमित रखा।
