उज्जैन। जिले के बड़नगर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान हुई एक अनोखी और चौंकाने वाली घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन की मदद से करीब 40 फीट ऊंचाई पर लटकाकर उसमें विस्फोट करते हुए देखा जा सकता है। घटना 23 जून की रात की बताई जा रही है।

अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते दिखाई दिए
जानकारी के अनुसार, बड़नगर के अडान मोहल्ले से मोहर्रम का जुलूस निकाला गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जुलूस के दौरान एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन के सहारे हवा में लटकाया गया। वैन के ऊपर दो युवक खड़े होकर लाल झंडे लहराते नजर आए। मौके पर मौजूद लोग इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते दिखाई दिए।
‘ले फिर आ गए’ लिखा हुआ
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर बाद वैन में जोरदार विस्फोट किया गया, जिससे उसमें आग और धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया। विस्फोट के बाद वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि जिस वैन में विस्फोट किया गया, उसके आगे की तरफ ‘ले फिर आ गए’ लिखा हुआ था।
अफरा-तफरी का माहौल बन गया
घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि अब तक किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है और लोग सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ
इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और घटना की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार सभी तथ्यों की पड़ताल की जाएगी और यदि किसी प्रकार की नियमों की अनदेखी या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।