Asia Cup 2025: 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले में पाकिस्तान से आए आतंकियों ने कश्मीर के पहलगाम में धर्म पूछकर 26 निर्दोषों की हत्या कर दी। इस घटना के बाद भारत में मांग उठने लगी कि अब भारत को पाकिस्तान से न सिर्फ द्विपक्षीय सीरीज बल्कि एशिया कप और वर्ल्ड कप जैसे मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में भी मुकाबला नहीं करना चाहिए।
एशिया कप में भारत-पाक मैचों की संभावना
9 सितंबर से यूएई में एशिया कप खेला जाएगा। भारतीय टीम की घोषणा हो चुकी है और इस टूर्नामेंट में तीन भारत-पाकिस्तान मैच संभव हैं। सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वहीं, BCCI नहीं चाहता कि भारत पाकिस्तान का बायकॉट करे।

BCCI क्यों चाहता है भारत-पाक मैच? जानिए वजह…
1. पाकिस्तान को फ्री पॉइंट्स क्यों दें…
अगर भारतीय टीम सिर्फ पाकिस्तान का बायकॉट करती है तो पाकिस्तान को सीधे एक अंक (Free Points) मिल जाएंगे। ऐसे में पाकिस्तान फाइनल तक पहुंच सकता है और चैंपियन भी बन सकता है।
2. एशियन क्रिकेट काउंसिल में भारत का दबदबा कमजोर होगा..
ACC (Asian Cricket Council) में भारत का अब तक दबदबा रहा है। अगर भारत-पाक मैच नहीं हुआ तो टूर्नामेंट फ्लॉप हो सकता है और कमाई भी घटेगी। इससे पाकिस्तान बाकी देशों को भारत के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश कर सकता है।
3. ICC की राजनीति में असर..
एशियाई क्रिकेट देशों की एकजुटता के कारण BCCI की पकड़ इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) में मज़बूत बनी हुई है। किसी भी मुद्दे पर वोटिंग होती है तो ज्यादातर एशियाई देश भारत का समर्थन करते हैं, जिनमें पाकिस्तान भी शामिल है। यहां तक कि जय शाह को ICC चेयरमैन बनाने के मामले में भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने BCCI का साथ दिया था।
पिछले कई बड़े ICC टूर्नामेंट की होस्टिंग के लिए भी भारत और पाकिस्तान एक ही खेमे में रहकर वोट डालते आए हैं।
अगर भारत एशिया कप में पाकिस्तान का बायकॉट करता है तो एशियन ब्लॉक की यह एकजुटता टूट सकती है। इसका सीधा असर ICC की राजनीति में BCCI की ताक़त और पोजिशन पर पड़ सकता है।
4. ब्रॉडकास्टर की नाराजगी..
एशिया कप के प्रसारण अधिकार 170 मिलियन डॉलर (करीब 1500 करोड़ रुपए) में बिके हैं। यह कीमत मुख्य रूप से भारत-पाक मैचों की वजह से मिली।
भारत-पाक मैच के विज्ञापन स्लॉट 10 सेकेंड के लिए 25–30 लाख तक बिकते हैं, जबकि अन्य मैचों में यह आधे से भी कम दाम पर मिलते हैं। अगर भारत नहीं खेलता तो ब्रॉडकास्टर्स को नुकसान होगा और BCCI की विश्वसनीयता पर असर पड़ेगा।

क्या भारत-पाक मैच होना तय है?
अभी नहीं। आखिरी फैसला सरकार को लेना है। BCCI ने साफ़ कहा है कि अगर सरकार निर्देश देगी तो वे पाकिस्तान का बायकॉट करेंगे। लेकिन अब तक किसी मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में भारत को पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से नहीं रोका गया है।
सरकार का रुख क्या होगा?
खेल मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, अभी तक सरकार की ओर से कोई निर्देश नहीं आया है। लेकिन सितंबर में एशिया कप के दौरान बिहार चुनाव प्रचार तेज़ होगा। ऐसे में राजनीतिक दबाव के चलते सरकार पाकिस्तान से मैच रोक भी सकती है।
एशिया कप में बायकॉट का इतिहास…
1986: भारत ने श्रीलंका से खराब रिश्तों की वजह से टूर्नामेंट का बायकॉट किया था।
1990-91: चौथा एशिया कप भारत में हुआ, लेकिन पाकिस्तान ने भारत से खराब संबंधों के कारण हिस्सा नहीं लिया।
