प्रयागराज में नवविवाहित जोड़े के साथ लूटपाट, अपहरण

भारत सरकार लिखी कार से नवविवाहित जोड़े का अपहरण करने की कोशिश, महिला से छेड़छाड़; 3 आरोपी गिरफ्तार

भारत सरकार लिखी कार से नवविवाहित जोड़े का अपहरण करने की कोशिश, महिला से छेड़छाड़; 3 आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक नवविवाहित जोड़े के साथ लूटपाट, अपहरण के प्रयास और महिला से छेड़छाड़ की सनसनीखेज वारदात गुरुवार को सामने आई है। करेली थाना क्षेत्र में 27 जुलाई की देर रात दवा लेने निकले दंपति को 'भारत सरकार' लिखी कार में सवार तीन बदमाशों ने बीच रास्ते रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने दोनों को जबरन कार में बैठाया, उनके साथ मारपीट की और महिला के साथ अभद्रता करते हुए मोबाइल फोन लूट लिया।

हालांकि, राहगीरों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से तीनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार और लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

मुंबई से लौटने के बाद होटल में रुका था नवविवाहित जोड़ा

पुलिस के अनुसार, खुल्दाबाद के बक्शी बाजार निवासी युवक मुंबई की एक निजी कंपनी में कार्यरत है। करीब एक सप्ताह पहले उसने अपने साथ काम करने वाली युवती से विवाह किया था। 27 जुलाई की रात दोनों फ्लाइट से प्रयागराज पहुंचे। देर रात होने के कारण उन्होंने प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में ठहरने का फैसला किया।

दवा लेने जाते समय बदमाशों ने रोका ऑटो

रात करीब 2:40 बजे महिला की तबीयत बिगड़ने और तेज खांसी शुरू होने पर दंपति दवा लेने निकले। होटल के आसपास मेडिकल स्टोर बंद होने के कारण एक ऑटो चालक ने उन्हें करेली स्थित 24 घंटे खुली रहने वाली फार्मेसी जाने की सलाह दी। ऑटो जैसे ही पहलवान चौराहे और लेबर चौराहे के बीच पहुंचा, पीछे से आ रही 'भारत सरकार' लिखी एक कार ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

कुछ ही दूरी पर कार सवार बदमाशों ने ऑटो को ओवरटेक कर जबरन रुकवा लिया। आरोप है कि तीनों युवकों ने दंपति को खींचकर कार में बैठा लिया, उनके साथ मारपीट की और महिला के साथ अश्लील हरकतें करते हुए छेड़छाड़ की। इस दौरान बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया।

राहगीरों की सूचना पर हरकत में आई पुलिस

पीड़ित युवक के अनुसार, आरोपी एक-दूसरे को सुनील, सूरज और आशीष नाम से पुकार रहे थे। वे दंपति को जान से मारने की धमकी देते हुए किसी सुनसान स्थान पर ले जाने की बात कर रहे थे। इसी बीच किसी राहगीर ने तत्काल यूपी डायल-112 पर घटना की सूचना दे दी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

सूचना मिलते ही करेली थाना पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर कार का पीछा शुरू किया। शाहगंज क्षेत्र में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

तीनों आरोपी जेल भेजे गए, गिरोह पर गंभीर आरोप

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील (सराय अकिल, कौशाम्बी), आशीष सिंह (कुंडा, प्रतापगढ़) और सूरज (होलागढ़, प्रयागराज) के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी देर रात रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में यात्रियों तथा राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट और अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(2) (महिला की मर्यादा भंग करने/छेड़छाड़), धारा 140(1) (अपहरण का प्रयास) और धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाने) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, दंपति से लूटा गया आईफोन भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।