मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर,अवंतिका एक्सप्रेस समेत 8 ट्रेनें रद्द, कई के बदले रूट!
मुंबई रेल मंडल के घोलवड-उमरगाम रोड रेलखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव का असर दूसरे दिन भी रेल यातायात पर साफ दिखाई दिया। जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के कारण रेलवे को सुरक्षा के मद्देनजर कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित करना पड़ा। इसका असर रतलाम रेल मंडल से होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ा है। शुक्रवार को भी कई ट्रेनें रद्द और आंशिक रूप से संचालित की जाएंगी।
ब्रिज पर बढ़ा जलस्तर, रोका गया रेल संचालन
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, घोलवड-उमरगाम रेलखंड के बीच स्थित ब्रिज क्रमांक-203 पर पानी का स्तर लगातार बढ़ने से ट्रैक की सुरक्षा प्रभावित हुई। एहतियात के तौर पर इस सेक्शन में रेल संचालन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। इसके चलते दिल्ली-मुंबई रूट की कई महत्वपूर्ण ट्रेनें बीच रास्ते में रोकनी पड़ीं। मुंबई की ओर जाने वाली कई ट्रेनें रतलाम मंडल के अलग-अलग स्टेशनों पर घंटों तक खड़ी रहीं।
फंसे यात्रियों को भोजन और पेयजल उपलब्ध कराया
रेलवे प्रशासन ने प्रभावित यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए। रतलाम, नामली, नागदा, मेघनगर, लिमखेड़ा, थांदला रोड और बामनिया स्टेशनों पर यात्रियों को दाल-चावल, खिचड़ी, पोहा, केले और पेयजल उपलब्ध कराया गया। राहत कार्य में रतलाम के बोहरा समाज सहित कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने भी सक्रिय सहयोग किया, जिससे यात्रियों को कठिन परिस्थिति में राहत मिली।
8 ट्रेनें पूरी तरह रद्द, कई ट्रेनों का बदला रूट
रेलवे ने इंदौर-मुंबई सेंट्रल अवंतिका एक्सप्रेस, इंदौर-दुरंतो एक्सप्रेस, बांद्रा-हरिद्वार एक्सप्रेस, बांद्रा-अजमेर एक्सप्रेस, पश्चिम एक्सप्रेस, गोल्डन टेम्पल मेल सहित कुल 8 ट्रेनों को उनके प्रारंभिक स्टेशनों से रद्द कर दिया है। इसके अलावा जयपुर-बांद्रा एक्सप्रेस, एर्नाकुलम-निजामुद्दीन एक्सप्रेस, हिसार-वलसाड स्पेशल और अन्य ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट या शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है। यानी ये ट्रेनें अपने पूरे निर्धारित मार्ग पर नहीं चलेंगी।
यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर जांचेमुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर... भारी बारिश ने रेल व्यवस्था की रफ्तार थाम दी, अवंतिका एक्सप्रेस समेत 8 ट्रेनें रद्द, कई के बदले रूट!
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें। भारी बारिश के कारण परिचालन में लगातार बदलाव संभव है। यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES ऐप या हेल्पलाइन के माध्यम से ट्रेन की लाइव जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। मौसम सामान्य होने तक यात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।