फरीदकोट में गुरुद्वारा में आग लगने पर श्री गुरु ग्

गुरुद्वारा साहिब में लगी आग,श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप बचाए

फरीदकोट में गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर सिमरन द्वार में रविवार देर शाम अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सबसे पहले श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप व गुटका साहिब को सुरक्षित बाहर निकाला।

आगजनी में कोई जनहानि नहीं 

आग के कारण गुरुद्वारा साहिब के हॉल में रखे बिस्तर, एसी, डाउन सीलिंग और अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से आग पर जल्द काबू पा लिया गया। गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी की सूचना पर गांव के सरपंच, आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं जिला योजना कमेटी के चेयरमैन गुरतेज सिंह खोसा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

आग से हुए नुकसान का आकलन 

इस मौके पर चेयरमैन गुरतेज सिंह खोसा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहत की बात यह रही कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप और गुटका साहिब को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।