मुख्यमंत्री भगवंत मान की कैबिनेट के बड़े फैसले: 10 लाख नए राशन कार्ड को मंजूरी, 3 अगस्त से शुरू होगा मानसून सत्र
पंजाब सरकार ने कैबिनेट बैठक में आम लोगों से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगाई। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि राज्य में 10 लाख नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे। इसके अलावा 3 अगस्त से 10 अगस्त तक पंजाब विधानसभा का मानसून सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें कई अहम विधेयक और अध्यादेश पेश किए जाएंगे।
10 लाख नए राशन कार्ड बनाने का फैसला
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने पारदर्शी व्यवस्था के तहत 10 लाख नए राशन कार्ड जारी करने का निर्णय लिया है। जिन परिवारों के पास पहले से राशन कार्ड हैं और उनके परिवार में नया सदस्य जुड़ा है, वे भी उसका नाम जोड़वा सकेंगे।उन्होंने स्पष्ट किया कि राशन कार्ड बनवाने के लिए न तो किसी सिफारिश की जरूरत होगी और न ही किसी प्रकार का शुल्क देना होगा। आवेदन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी किए जा सकेंगे। कार्ड बनाने की प्रक्रिया अगले दिन से शुरू होगी और इसके लिए 21 दिनों का विशेष अभियान चलाया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार प्राथमिकता
सीएम मान ने बताया कि राशन कार्ड जारी करने में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन किया जाएगा। विधवाओं, दिव्यांगजनों, गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों और अन्य जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।उन्होंने बताया कि कुल 10 लाख राशन कार्डों में से7 लाख लाभार्थी परिवारों के नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे।3 लाख ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत मजदूरों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
'मेरी रसोई योजना' जारी रहेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राशन कार्ड योजना और 'मेरी रसोई योजना' अलग-अलग योजनाएं हैं। राशन कार्ड के तहत प्रत्येक पात्र व्यक्ति को हर महीने 5 किलो गेहूं मिलेगा।उन्होंने बताया कि राज्य के 40 लाख परिवारों में से 32 लाख परिवारों को 'मेरी रसोई योजना' से जोड़ा जा चुका है, जबकि शेष 8 लाख परिवारों को भी इसी महीने के अंत तक योजना में शामिल कर लिया जाएगा।
1 अगस्त को 37 लाख महिलाओं को मिलेगी सम्मान राशि
सीएम भगवंत मान ने बताया कि 1 जुलाई को 32 लाख महिलाओं के खातों में सम्मान राशि भेजी जा चुकी है। वहीं, बाद में पंजीकरण कराने वाली 37 लाख महिलाओं को 1 अगस्त को सम्मान राशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
3 से 10 अगस्त तक होगा मानसून सत्र
कैबिनेट बैठक में यह भी तय किया गया कि पंजाब विधानसभा का मानसून सत्र 3 अगस्त से 10 अगस्त तक चलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौरान जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी और आवश्यक विधेयकों व अध्यादेशों को पारित किया जाएगा।
सरकार का दावा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार बिना भेदभाव और पूरी पारदर्शिता के साथ योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि राशन कार्ड बनवाने के लिए किसी बिचौलिए या सिफारिश का सहारा न लें और सरकारी पोर्टल के माध्यम से ही आवेदन करें।