इस साल कब है जन्माष्टमी?
सूत्रो के अनुसार, आचार्य आनंद भारद्वाज ने बताया कि इस बार भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि 15 अगस्त 2025 की रात 11:49 बजे से शुरू होकर 16 अगस्त 2025 की रात 9:34 बजे तक रहेगी। इस बार गृहस्थों की जन्माष्टमी 15 अगस्त को और वैष्णवों की 16 अगस्त को मनाई जाएगी। ऐसे में, पर्व से पहले यदि कुछ विशेष वस्तुएं घर में स्थापित की जाएं, तो यह बेहद फलदायक सिद्ध हो सकता है।
लड्डू गोपाल की मूर्ति – घर में स्थापित करें श्रीकृष्ण स्वरूप...
जन्माष्टमी के दिन यदि घर में लड्डू गोपाल की नई मूर्ति लाकर स्थापित की जाए, तो यह अत्यंत शुभ माना जाता है। आप अपनी श्रद्धा और स्थान के अनुसार लड्डू गोपाल के साइज का चयन कर सकते हैं। जन्माष्टमी पर उन्हें पंचामृत से स्नान कराएं, नए वस्त्र पहनाएं और मक्खन-मिश्री का भोग लगाकर झूले में विराजित करें। इससे घर में बच्चों का स्वास्थ्य अच्छा रहता है, और मन में शांति बनी रहती है।बांसुरी – दूर होंगे परिवारिक कलह...
भगवान श्रीकृष्ण की सबसे प्रिय वस्तुओं में से एक है – बांसुरी। मान्यता है कि जिस घर में बांसुरी रहती है, वहां आपसी संबंध मधुर बने रहते हैं और किसी प्रकार का वैचारिक मतभेद नहीं होता। यदि आप जन्माष्टमी से पहले बांसुरी लाकर घर के पूजा स्थल या ड्रॉइंग रूम में रखते हैं, तो सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और वातावरण में प्रेम बना रहता है।मोर पंख – सुख, सौभाग्य और धन की वृद्धि..
भगवान कृष्ण के मुकुट में मोर पंख सदैव सुशोभित रहता है। यह सौंदर्य, शांति और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। आचार्य भारद्वाज के अनुसार, अगर आप मोर पंख को घर में उत्तर दिशा में रखें, तो इससे धन वृद्धि होती है और नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है। मोर पंख का प्रयोग वास्तु दोष निवारण में भी किया जाता है।