रायपुर।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर स्थित निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी का श्रवण किया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ सिर्फ एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश के 140 करोड़ नागरिकों से आत्मीय संवाद करने का सशक्त माध्यम है।
सीएम साय ने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नवाचारों, प्रेरक प्रयासों और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों के कार्यों को देशभर के सामने लाया जाता है। इससे उन लोगों को पहचान मिलती है, जो बिना किसी प्रचार के समाज और राष्ट्र के लिए काम कर रहे हैं।
हर महीने ‘मन की बात’ का लोगों को रहता है इंतजार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि देशवासियों को प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रसारित होने वाले ‘मन की बात’ कार्यक्रम का इंतजार रहता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम में ऐसे विषयों और व्यक्तित्वों का उल्लेख करते हैं, जिनकी जानकारी आम तौर पर देश के बड़े हिस्से तक नहीं पहुंच पाती।
सीएम ने कहा कि कार्यक्रम में जब किसी व्यक्ति या संगठन के अच्छे काम का उल्लेख होता है तो इससे उनका उत्साह बढ़ता है। साथ ही, देश के लाखों लोगों को भी कुछ बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ ने समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को देश के सामने अपनी पहचान बनाने का अवसर दिया है।
छोटे गांवों के असाधारण कामों को मिल रही पहचान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि देश के दूरस्थ गांवों और छोटे-छोटे क्षेत्रों में कई लोग बिना किसी प्रचार और स्वार्थ के समाज और राष्ट्रहित में उल्लेखनीय काम कर रहे हैं। कोई पर्यावरण संरक्षण के लिए काम कर रहा है, तो कोई स्वच्छता अभियान से जुड़ा है। वहीं कई लोग स्थानीय संसाधनों का इस्तेमाल कर नए प्रयोग और नवाचार के जरिए अपने क्षेत्र में बदलाव ला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ‘मन की बात’ के माध्यम से ऐसे सामान्य नागरिकों के असाधारण प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान देते हैं। इससे समाज में सकारात्मकता और जनभागीदारी की भावना मजबूत होती है। साथ ही दूसरे लोग भी अपने स्तर पर कुछ नया और बेहतर करने के लिए प्रेरित होते हैं।
‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सीएम साय ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का सकारात्मक दिशा में उपयोग देश के विकास को नई गति दे सकता है। इसके लिए परिवारों को जागरूक होने के साथ समाज को भी युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि नशामुक्त और सशक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर सकते हैं।