हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को गुरुग्राम में आयोजित दैनिक जागरण के विमर्श' कार्यक्रम में कहा कि पिछले 12 वर्षों में हरियाणा ने तेज विकास किया है और आने वाले वर्षों में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में राज्य महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता भी बदलाव चाहती है और अगली बार वहां भाजपा की सरकार बनेगी।
पंजाब की राजनीति पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब कभी देश के अग्रणी राज्यों में था, लेकिन पिछली सरकारों की नीतियों के कारण विकास की रफ्तार धीमी पड़ गई। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। सैनी ने कहा कि भाजपा अपने संकल्पों के साथ जनता के बीच जा रही है और लोगों का समर्थन लगातार बढ़ रहा है।
फरीदाबाद और हिसार के लिए बड़े विकास प्रोजेक्ट
मुख्यमंत्री ने बताया कि फरीदाबाद को आधुनिक शहरी केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कई परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। 1,550 करोड़ रुपये की लागत से 17 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाया जा रहा है, जिससे फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट को गुरुग्राम, फरीदाबाद और जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने वाली रैपिड मेट्रो परियोजना निर्धारित समय के अनुसार आगे बढ़ रही है। साथ ही, केएमपी एक्सप्रेसवे के दोनों ओर नए स्मार्ट शहर विकसित किए जाएंगे।
हिसार एयरपोर्ट को मिलेगा नया विस्तार
सैनी ने बताया कि हिसार एयरपोर्ट को पूर्ण विकसित करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। एयरपोर्ट के आसपास इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जाएगा, जिससे औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट से विभिन्न शहरों के लिए उड़ानों का विस्तार भी किया जा रहा है।
जनता के सवालों पर दिया भरोसा
कार्यक्रम के दौरान आवास, अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई और शहरी सुविधाओं से जुड़े सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी समस्याओं के समाधान के लिए काम कर रही है। महिलाओं के लिए हॉस्टल, बेहतर कचरा प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विपक्ष पर हमला, मोदी सरकार की कार्यशैली की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास जनहित से जुड़े मुद्दों का अभाव है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत की वैश्विक छवि मजबूत हुई है और देश विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उनके अनुसार, हरियाणा भी इसी विकास यात्रा का मजबूत भागीदार बनेगा।