देहरादून। चारधाम यात्रा के दूसरे चरण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियों और मौजूदा व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
15 सितंबर से शुरू होगा दूसरा चरण
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि मानसून के दौरान भी चारधाम यात्रा सुचारु रूप से जारी है। मौसम की चुनौतियों के बीच श्रद्धालुओं की यात्रा को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर से चारधाम यात्रा का दूसरा चरण शुरू होगा। मानसून के बाद बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए बीकेटीसी की ओर से श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
31.62 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
बीकेटीसी के अनुसार, अब तक बदरीनाथ धाम में 16,86,438 और केदारनाथ धाम में 14,75,679 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इस तरह दोनों धामों को मिलाकर अब तक कुल 31,62,117 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यात्रा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बीकेटीसी की ओर से दर्शन व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े इंतजामों को समय रहते पूरा करने की तैयारी चल रही है।