जर्मनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। बेल्जियम के वॉवर में खेले गए फाइनल मुकाबले में जर्मनी ने स्पेन को 1-0 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ जर्मनी ने लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने का कारनामा किया। फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमों के बीच पहले हाफ में कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। तीसरे क्वार्टर में स्पेन ने जर्मनी पर लगातार दबाव बनाया और कई बार उसके सर्कल में पहुंचकर गोल करने की कोशिश की। हालांकि, जर्मनी की डिफेंस ने स्पेन के सभी प्रयासों को नाकाम कर दिया।
मैच का निर्णायक गोल 44वें मिनट में आया। जर्मनी ने काउंटर अटैक के जरिए स्पेन की डिफेंस को चौंका दिया। मिशेल स्ट्रूथॉफ ने शानदार फिनिश करते हुए गेंद को गोलकीपर के पास से निकालकर नेट में पहुंचा दिया। यही गोल आखिर में जर्मनी के लिए विजयी साबित हुआ।
स्पेन ने बनाए ज्यादा मौके
आंकड़ों के लिहाज से स्पेन ने जर्मनी से ज्यादा आक्रामक हॉकी खेली। स्पेन ने मुकाबले में 24 सर्कल एंट्री की, जबकि जर्मनी की ओर से 12 सर्कल एंट्री हुईं। स्पेन ने कुल 9 शॉट लगाए, वहीं जर्मनी सिर्फ 5 शॉट ही ले सका। खास तौर पर तीसरे क्वार्टर में स्पेन ने जर्मनी पर दबाव बढ़ा दिया था। टीम ने इस दौरान 10 बार जर्मन सर्कल में प्रवेश किया और गोल के कई मौके बनाए। लेकिन फिनिशिंग में कमी के कारण स्पेन इन मौकों को गोल में नहीं बदल पाया। दूसरी ओर, जर्मनी को मिले सीमित अवसरों में से एक को स्ट्रूथॉफ ने गोल में तब्दील कर दिया।
पाकिस्तान के रिकॉर्ड की बराबरी
स्पेन के खिलाफ जीत के साथ ही जर्मनी ने हॉकी वर्ल्ड कप में अपना चौथा खिताब जीत लिया। इसके साथ ही उसने पाकिस्तान के सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप खिताब जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। पाकिस्तान ने 1971, 1978, 1982 और 1994 में वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती थी। वहीं जर्मनी ने इससे पहले 2002, 2006 और 2023 में खिताब अपने नाम किया था। 2026 की जीत के साथ उसके वर्ल्ड कप खिताबों की संख्या चार हो गई है।
1998 के बाद पहली बार फाइनल में पहुंचा था स्पेन
स्पेन की टीम लंबे इंतजार के बाद वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंची थी। टीम ने 1998 के बाद पहली बार फाइनल में जगह बनाई थी और उसके पास पहली बार वर्ल्ड कप चैंपियन बनने का मौका था। हालांकि, जर्मनी के खिलाफ मिली हार के बाद उसका पहला खिताब जीतने का इंतजार अभी भी जारी है।
अर्जेंटीना ने जीता ब्रॉन्ज मेडल
ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में अर्जेंटीना ने नीदरलैंड्स को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। मैच का फैसला आखिरी मिनटों में हुआ। अर्जेंटीना के मैथियास रे ने 59वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई, जिसे नीदरलैंड्स बराबर नहीं कर सका।
भारत का अभियान 8वें स्थान पर खत्म
भारतीय टीम के लिए हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का सफर उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। भारत ने टूर्नामेंट में 8वां स्थान हासिल किया। 7वें और 8वें स्थान के मुकाबले में भारत का सामना बेल्जियम से हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमों ने 3-3 गोल किए, जिसके बाद मुकाबला शूटआउट में पहुंचा। शूटआउट में बेल्जियम ने 4-3 से बाजी मार ली और भारत को आठवें स्थान से संतोष करना पड़ा। भारत दूसरे राउंड में अर्जेंटीना और नीदरलैंड्स के खिलाफ मिली हार के बाद सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गया था। टीम को अर्जेंटीना के हाथों 3-5 और नीदरलैंड्स के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा।
