इमरजेंसी पर दी अपनी राय
मशहूर फिल्म निर्देशक श्याम बेनेगल ने हाल ही में भारत के पहले प्रधानमंत्री, जवाहरलाल नेहरू से अपनी पहली मुलाकात का दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि यह मुलाकात 1950 के दशक के मध्य में एक यूथ फेस्टिवल के दौरान हुई थी, जब नेहरू प्रधानमंत्री थे। श्याम बेनेगल ने कहा, “हम सभी एक बड़े लंच टेबल पर बैठे थे और तभी नेहरू जी हमारे साथ जुड़ने आए। उन्होंने हमसे पूछा, ‘क्या मैं भी आपके साथ खा सकता हूँ?’ और इस तरह वो हमारे साथ बैठे।”
बेनेगल ने बताया कि नेहरू का आकर्षण बहुत जबरदस्त था, और यही वजह थी कि लोग उनसे जुड़ने के लिए खिंचे चले आते थे। जब उनसे यह सवाल किया गया कि क्या उन्हें नेहरू पसंद थे, तो श्याम बेनेगल ने तुरंत कहा, “हां, बिल्कुल। नहीं तो मैं ‘भारत एक खोज’ क्यों बनाता?”
इमरजेंसी पर श्याम बेनेगल की राय
श्याम बेनेगल ने इंदिरा गांधी द्वारा 1975 में लगाए गए आपातकाल (इमरजेंसी) पर भी अपनी राय व्यक्त की। उन्होंने कहा, “वो समय हमारे लिए बहुत कठिन था। उस दौरान कई अप्रिय घटनाएँ हुईं। पुलिस का व्यवहार ठीक नहीं था। अगर कोई व्यक्ति कुछ गंभीर बात करता, तो पुलिस उसे पकड़ लेती थी।” श्याम बेनेगल ने यह भी माना कि उस दौर में भारत में एक पुलिस राज्य जैसा माहौल बन गया था।
‘भारत एक खोज’ में दिखे थे ये सितारे
श्याम बेनेगल के द्वारा निर्मित प्रसिद्ध शो ‘भारत एक खोज’ 1988 में टीवी पर प्रसारित हुआ था। यह शो पं. जवाहरलाल नेहरू की किताब Discovery of India पर आधारित था। शो में कई प्रमुख अभिनेता नजर आए थे, जिनमें आनंद देसाई, रोशन सेठ, रवि झंकाल और पंकज बेरी शामिल थे। इसके अलावा, ओम पुरी ने इस शो में नैरेटर के रूप में काम किया था। इस शो के कुल 53 एपिसोड टेलीकास्ट हुए थे, जो दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हुए थे।
