Ranveer Kantara Controversy: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर और धुरंधर फिल्म के फेम रणवीर सिंह इन दिनों चर्चाओं में बने हुए है, लेकिन इस बार अपनी फिल्म की वजह से नहीं बल्कि किसी और वजह से विवादों में घिर गए हैं। उनके खिलाफ हिंदू धार्मिक भावनाओं और कर्नाटक की चावुंडी दैव परंपरा का अपमान करने का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है।
Ranveer Kantara Controversy: दैव सीन की नकल करना पड़ा भारी
रिपोर्ट के अनुसार, 28 नवंबर 2025 को गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के आयोजन के दौरान रणवीर सिंह ने कंतारा फिल्म के दैवा सीन का नकल करते हुए उनका मजाक उड़ाया था। इस बात से नाराज होकर बेंगलुरु के वकील प्रशांत मेथल ने रणवीर के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 196299 और 302 के तहत दर्ज किया गया है।

Ranveer Kantara Controversy: रणवीर पर लगाए गए आरोप
शिकायतकर्ता ने एक्टर पर आरोप लगाया कि, ‘ रणवीर सिंह ने मंच पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और ऐसा अभिनय किया, जिससे दैवा परंपरा के पवित्र तत्वों का मजाक उड़ाया गया। रणवीर ने पंजुरली और गुलिगा दैवा से जुड़े भाव-हावभाव की नकल की और उन्हें भद्दे, हास्यास्पद और अपमानजनक तरीके से प्रस्तुत किया।’ इतना ही नहीं उन पर चावुंडी दैव को ‘महिला भूत’ कहने का भी आरोप लगाया गया है।

कर्नाटक के तुलुनाडु की पूजनीय रक्षक देवी है चावुंदी दैव
बताया जा रहा है कि, चावुंडी दैवा कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों और तुलुनाडु में पूजनीय रक्षक देवी मानी जाती हैं। उनकी पूरी श्रद्धा के साथ भक्त पूजा करते है। वह दिव्य स्त्री शक्ति और न्याय का प्रतीक मानी जाती है। इतना ही नहीं इन्हें नकारात्मक शक्तियों का नाश करने वाली देवी मानी जाती है।
क्या है मामला?
रणवीर सिंह ने फिल्म फेस्टिवल के दौरान फिल्म के डायरेक्टर और एक्टर ऋषभ शेट्टी से कहा- ‘ऋषभ मैंने इसे (कांतारा) थिएटर में देखा था। वो एक आउटस्टैंडिंग परफॉर्मेंस थी, खासकर जब फीमेल घोस्ट (भूत) आपके शरीर में आती है। वो परफॉर्मेंस, वो एक शॉट आउटस्टैंडिंग था।’
एक्टर ने आगे कहा था कि, ‘क्या आपने कांतारा देखी है। जब वो शॉट आता है’। आगे रणवीर सिंह ने खुद उस कैरेक्टर की मिमिक्री करते हुए मजाक उड़ाया। आगे रणवीर ने कहा, ‘क्या यहां कोई है, जो मुझे कांतारा 3 में देखना चाहता है, वो इस आदमी से कहे।’
रणवीर मंच से उतरने के बाद भी ऋषभ शेट्टी के सामने चावुंडी देवी की मिमिक्री करते नजर आए थे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। हालांकि ऋषभ शेट्टी लगातार इशारा कर उन्हें रोकते नजर आए थे, जिसके बाद हिंदू जनजागृति समिति ने धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में केस दर्ज किया था। इसके बाद एक्टर ने माफी भी मांगी थी।
एक्टर ने मांगी माफी
रणवीर सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर माफी मांगी थी उसमें लिखा था कि-
‘मेरा इरादा फिल्म (कांतारा) में ऋषभ की शानदार परफॉर्मेंस को उजागर करने का था। एक अभिनेता होने के नाते, मैं जानता हूं कि उस खास सीन को जिस तरह से उन्होंने निभाया, उसके लिए कितनी मेहनत लगती है और इसके लिए मैं उनका अत्यधिक सम्मान करता हू। मैंने हमेशा हमारे देश की हर संस्कृति, परंपरा और आस्था का गहरा सम्मान किया है। अगर मेरी किसी बात से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो मैं दिल से माफी चाहता हूं।’

