Raigarh Rape Case: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवक और युवती की सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुई, उसके बाद युवक ने युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। लेकिन जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो युवक ने साफ माना कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
फेसबुक से हुई पहचान, फिर दोस्ती, प्यार
यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय पीड़िता ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि, 2021 में फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान रामभाठा निवासी 26 वर्षीय प्रतीक सिदार से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती गहरी हो गई।
शादी का झांसा देकर बनाए संबंध
आरोपी ने युवती को शादी का भरोसा दिलाया और उससे मिलना-जुलना शुरू किया। पीड़िता के मुताबिक, 4 मार्च 2024 से जनवरी 2026 के बीच आरोपी उसे होटल ले गया और कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान वह लगातार शादी का आश्वासन देता रहा।
कुछ समय बाद जब युवती ने शादी की बात की, तो आरोपी टालमटोल करता रहा और फिर शादी से साफ मना कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी को घर से किया गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया और मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि-‘महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। हर शिकायत पर त्वरित, कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।’
