Bulandshahar blue drum: उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, यहां एक पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ खुशी-खुशी विदा कर दिया। लेकिन इस फैसले के पीछे दरियादिली नहीं, बल्कि एक ‘खौफ’ था। मोबाइल फोन में अपनी फोटो के साथ ‘नीला ड्रम और सीमेंट’ लिखा देख बेचारा पति इतना डर गया कि उसने अपनी जान की सलामती इसी में समझी कि वह पत्नी को उसके प्रेमी के साथ जाने दे।

क्या है मामला?
मामला बुलंदशहर के कोतवाली देहात के गांव दौलतगढ़ का है। राजकुमार नाम के शख्स की शादी कुछ वक्त पहले हुई थी और उसका एक बच्चा भी है। राजकुमार के मुताबिक, शादी के बाद से ही उसकी पत्नी अक्सर लड़ाई करती थी और कई बार घर छोड़कर चली जाती थी। वक्त बीतने के साथ दोनों के बीच अनबन बढ़ती गई, एक दिन राजकुमार के हाथ पत्नी का मोबाइल फोन लगा।

Bulandshahar blue drum: नीला ड्रम और सीमेंट
राजकुमार ने जब अपनी पत्नी का फोन चेक किया, तो हैरान रह गया। फोन में पत्नी की उसके प्रेमी के साथ न आपत्तिजनक तस्वीरें थीं। इतना ही नहीं राजकुमार की खुद की एक फोटो मिली। उस फोटो के कैप्शन में “नीला ड्रम और सीमेंट” लिखा हुआ था। नीले ड्रम का खौफ इतना था कि पति बुरी तरह डर गया कि कहीं उसकी हत्या ना हो जाए। पति-पत्नी के बीच बढ़ते विवाद को सुलझाने के लिए मामला मीडिएशन सेल पहुंचा था।
नीले ड्रम का खौफ
सुनवाई के दौरान, पत्नी अपने प्रेमी (मुकेश) के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही। पति राजकुमार ने बिना किसी विरोध के पत्नी को प्रेमी के साथ जाने की इजाजत दे दी। राजकुमार ने साफ कहा कि वह उस ‘नीले ड्रम’ और ‘सीमेंट’ वाले कैप्शन से खौफ में है। मीडिएशन सेल में मौजूद अधिकारी उस वक्त हैरान रह गए जब पति ने पत्नी को प्रेमी के साथ विदा करने का फैसला सुनाया।
