ओडिशा के बालासोर जिले से एक व्यक्ति की रहस्यमयी मृत्यु का मामला सोमवार को सामने आया है, जहां अपनी पत्नी को जन्मदिन पर सरप्राइज देने घर लौटे एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक का शव घर के भीतर मिला, जिसके बाद परिजनों ने उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
प्रतीकात्मक तस्वीर
यह मामला बालासोर जिले के साहदेवखुंटा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, मृतक मूल रूप से जगतसिंहपुर जिले का निवासी था। वह अपनी पत्नी के जन्मदिन के मौके पर उसे बिना बताए सरप्राइज देने के लिए घर पहुंचा था। लेकिन कुछ ही समय बाद उसका शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप
मृतक के परिवार का आरोप है कि उसकी पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। मृतक के भाई पवित्र कुमार सेठी ने दावा किया कि घटना से एक दिन पहले उनकी भाभी का जन्मदिन था और उनका भाई उन्हें शुभकामनाएं देने के लिए घर गया था।
उन्होंने बताया, "कुछ देर बाद मुझे मेरी भाभी के भाई का फोन आया। उसने बताया कि मेरे भाई ने आत्महत्या कर ली है। हमें इस दावे पर संदेह है और हमारा मानना है कि उसकी हत्या की गई है।" परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्रतीकात्मक तस्वीर
एफआईआर दर्ज, सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर साहदेवखुंटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
साहदेवखुंटा थाना प्रभारी आलोक कुमार बेहरा ने बताया कि परिवार ने मृतक की पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, अभी तक हत्या या आत्महत्या की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही महिला और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह मामला आत्महत्या का है या हत्या का। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।