वायु के संस्कारों पर मुख्यमंत्री का भावुक संदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को अपने नाती ‘वायु’ का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया, जिसमें वह श्रद्धा भाव से गायत्री मंत्र का उच्चारण करता नजर आ रहा है। वीडियो के साथ सीएम ने लिखा, बच्चों में संस्कार का बीजारोपण गौरवान्वित करता है। गायत्री मंत्र का उच्चारण कर रहे यह मेरे नाती वायु हैं।
बेटी ने भेजा वीडियो, हर्षित हुए मुख्यमंत्री
सीएम मोहन यादव ने आगे बताया कि यह वीडियो उन्हें उनकी बेटी ने भेजा है, जिसे देखकर उनका हृदय आनंदित हो गया। उन्होंने लिखा, बिटिया ने नाती का वीडियो भेजकर ह्रदय आनंदित कर दिया। मां गायत्री की कृपा आप पर बनी रहे, मेरा स्नेह सदैव आपके साथ है।
धार्मिकता मुख्यमंत्री की पारिवारिक परंपरा
डॉ. मोहन यादव की धार्मिक प्रवृत्ति किसी से छिपी नहीं है। चाहे वह महाकाल मंदिर में पूजा हो या जापान के मंदिरों में दर्शन, वे अक्सर भक्ति में लीन दिखाई देते हैं। अब यही श्रद्धा उनके परिवार की अगली पीढ़ी में भी देखने को मिल रही है।
जानिए मुख्यमंत्री के परिवार के बारे में
मुख्यमंत्री मोहन यादव के तीन संतान हैं दो बेटे और एक बेटी। उनकी बेटी आकांक्षा यादव पेशे से गायनकोलॉजिस्ट हैं। बेटे अभिमन्यु यादव चिकित्सक हैं, जबकि छोटे बेटे वैभव यादव ने एलएलबी और एलएलएम की पढ़ाई की है।
पारिवारिक संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश
सीएम यादव का यह वीडियो न सिर्फ पारिवारिक भावनाओं का प्रतीक है बल्कि यह सामाजिक संदेश भी देता है कि बच्चों में बचपन से ही धार्मिक और सांस्कृतिक संस्कार बोए जाएं। गायत्री मंत्र का उच्चारण करते वायु का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है।