
MP-छत्तीसगढ़ में बारिश का रेड अलर्ट
Cloud burst : हिमाचल प्रदेश में 2 अगस्त को फिर बादल फटने की घटना सामने आई। लाहौल स्पीति में पिन घाटी में शाम करीब 6 बजे बादल फटने से बाढ़ आ गई थी। इसमें एक महिला बह गई, पुलिस को देर शाम महिला का शव मिला।

इससे पहले 1 अगस्त को हिमाचल प्रदेश में पांच जगहों पर बादल फटने से तेज आंधी आई थी। अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है और 46 लोग लापता हैं। एनडीआरएफ, एसडीईआरएफ, पुलिस और होमगार्ड के जवान उनकी तलाश के लिए तलाशी अभियान चला रहे हैं। सर्च ऑपरेशन में ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
MP के नौ बड़े बांध ओवर-फ्लो
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 3 अगस्त को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और महाराष्ट्र में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। प्रदेश के कोलार, तवा और बरगी समेत नौ बड़े बांधों के गेट खोलने पड़े थे।
गंगरेल बांध 86 फीसदी भरा
छत्तीसगढ़ के धमतरी में गंगरेल बांध 86 फीसदी भरा हुआ है। शुक्रवार को सीजन में पहली बार सभी 14 कपाट आधे घंटे के लिए खोले गए। इस बीच महानदी में बाढ़ से निपटने के लिए मॉक ड्रिल भी की गई।
मौसम विभाग ने झारखंड में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई है। राज्य सरकार ने आज सभी निजी और सरकारी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। गढ़वा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।

इन 4 राज्यों के अलावा आईएमडी ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, केरल, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में भी बारिश की चेतावनी जारी की है।
बारिश के चलते स्कूलों में छुट्टी
कलेक्टर ने भारी बारिश की चेतावनी के चलते राजस्थान के भीलवाड़ा, केकड़ी और टोंक जिले के स्कूलों में 3 अगस्त को अवकाश घोषित कर दिया है। अजमेर के किशनगढ़ में भारी बारिश के कारण हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे पहाड़ी का एक हिस्सा ढह गया। सवाई माधोपुर में एक मकान ढह गया।

असम में बाढ़ से दो लोगों की मौत हो गई है। छह जिलों में 18,000 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राज्य में बाढ़, चक्रवात, आकाशीय बिजली गिरने और भूस्खलन से इस साल अब तक 116 लोगों की जान जा चुकी है।