India Weather Update: उत्तराखंड में देर रात से बारिश का दौर शुरू हो गया। आज सुबह से अब तक बारिश का दौर चल रहा है। इसके कारण बाजारों में सन्नाटा है। ठंड बढ़ गई है इससे बचने के लिए लोग अलाव सेंक रहे हैं। कई नदियां ऊफान पर हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 2 मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण ये हालात पैदा हुए हैं।

बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने भी सभी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक आज देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और US नगर जिले में कहीं-कहीं गर्जना के साथ आकाशीय बिजली कड़क सकती है। साथ ही 40 से 50 km प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। इसे लेकर इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। IMD ने राज्य के अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कल US नगर और हरिद्वार जिले को छोड़ अन्य सभी जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
चारधाम में बर्फबारी
प्री-मानसून के कारण उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से मौसम बिगड़ रहा है। राज्य भर में बारिश, ओलावृष्टि और पहाड़ों में बर्फबारी हो रही है। लिहाजा चारधाम यात्रा के दौरान बेहद एहतियात बरतने की जरूरत है। केदारनाथ रूट पर लोक निर्माण विभाग गुप्तकाशी की टीम पैदल मार्ग से बर्फ हटाने में लगी है। लेकिन हिमपात होने से हालात सामान्य नहीं हो पा रहे हैं। आगे स्थिति सुधरेगी या फिर बर्फबारी जारी रहेगी इस पर मौसम विभाग कुछ अनुमान नहीं दे पाया है।

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
पिछले 15 दिनों से जोशीमठ, बदरीनाथ, हेमकुंड, फूलों की घाटी, स्वर्गारोहिणी, कुवांरी पास, औली में बारिश-बर्फबारी जारी है। यमुनोत्री में बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो रही है। सामान्य तौर पर अप्रैल के दूसरे हफ्ते में यहां बर्फ पिघलना शुरू हो जाती थी। इस बार साल 2012 की तरह लगातार बारिश, बर्फबारी जारी है। एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से यहां पर बर्फबारी हो रही है।
India Weather Update: तापमान में गिरावट
इधर, राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर समेत कई जिलों में तूफानी बारिश के साथ ओले भी गिरे। कई जिलों में 1 इंच से ज्यादा पानी बरसा। वहीं, भरतपुर में मकान पर बिजली गिरने से सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। बारिश की वजह से तापमान में 7 डिग्री की गिरावट आई।
UP के मेरठ, बरेली और शाहजहांपुर में ओले गिरे। लखनऊ, गोरखपुर, गोंडा, जौनपुर, अलीगढ़ समेत 25 जिलों में तेज हवाओं के साथ रुक-रुककर बारिश हो रही है। इस दौरान 60 km की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
वहीं मध्य प्रदेश में 3 साइक्लोनिक एक्टिविटी हैं। मौसम विभाग ने भोपाल, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, पन्ना, सतना, रीवा समेत 18 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया। दतिया, निवाड़ी, छतरपुर और टीकमगढ़ में ओले गिरने का अनुमान हैं।
